धूमधाम से हुई शादी, मिला मैरिज सर्टिफिकेट, 60 हजार मिलते ही दुल्हन का बदला मिजाज, प्रेमी संग भागी
Last Updated:
UP Crime News: यूपी में सरकारी योजनाओं से किस तरह खिलवाड़ किया जा रहा है, ये देखने को मिला. झांसी में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ भागने के लिए एक बड़ा प्लान बना लिया. पहले उसने एक अन्य शख्स से सामूहिक विवाह समारोह में शादी कर ली. फिर खाते में पैसे आते ही फूर्र हो गई.

शादी के बाद प्रेमी संग भागी दुल्हन.
झांसी. उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दिलचस्प और विवादित मामला सामने आया है. किस तरह लोग सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग कर रहे इसकी एक नई मिसाल सामने आई है. यहां एक लड़की ने एक लड़के से सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी करने का फैसला लिया. शादी धूमधाम से हुई, मैरिज सर्टिफिकेट भी मिला और सरकार की ओर से मिलने वाली करीब 60 हजार रुपए की सहायता राशि भी खाते में जमा हो गई. सबकुछ सही चल रहा था, लेकिन जैसे ही पैसे आए दुल्हन रफूचक्कर हो गई. अब बेचारा दूल्हा अपनी किस्मत को कोस रहा है कि पैसे भी गए और पत्नी भी. आइए जानते हैं पूरा मामला.
यह है घटना
मामला बबीना के रहने वाले युवक का है, जो एक साइबर कैफे चलाता है. उसकी शादी सीपरी बाजार की रहने वाली लड़की से तय हुई थी. दोनों परिवारों ने आर्थिक तंगी को देखते हुए 19 फरवरी को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी करने का निर्णय लिया. शादी के बाद सरकार की ओर से मिलने वाली करीब 60 हजार रुपए की सहायता राशि भी खाते में जमा हो गई.
दुल्हन प्रेमी के साथ फरार
शादी के बाद 25 अप्रैल को रिसेप्शन और विदाई की रस्म होनी थी. मगर, उससे पहले ही दुल्हन अपने पुराने प्रेमी के साथ फरार हो गई. दूल्हे का आरोप है कि जैसे ही सरकारी पैसा खाते में आया. दुल्हन ने अपना रंग बदल दिया. काफी खोजबीन के बाद भी वह नहीं मिली, तो सीपरी बाजार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई. मसीहागंज चौकी पुलिस ने मामले की जांच की और दुल्हन से संपर्क किया. जांच में पता चला कि दुल्हन ने मध्य प्रदेश के भांडेर निवासी अपने प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज कर ली है और पहले पति के पास लौटने से साफ इनकार कर दिया है. पुलिस को बताया गया कि वह अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है.
यह मामला ना केवल सरकारी सहायता राशि के दुरुपयोग को उजागर करता है, बल्कि यह दिखाता है कि व्यक्तिगत संबंधों में धोखा किस हद तक जा सकता है. अब पीड़ित दूल्हा शादी का सर्टिफिकेट लेकर इंसाफ की तलाश में है और विभिन्न विभागों के चक्कर काट रहा है.
About the Author
Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें