चित्रकूट में बना रानीपुर टाइगर रिजर्व तेंदुओं से गुलजार, रात में सड़कों तक पहुंच रहे तेंदुआ, वीडियो हुआ वायरल
Last Updated:
Chitrakoot News: चित्रकूट के रानीपुर टाइगर रिजर्व से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक तेंदुआ सड़क पर टहलता हुआ नजर आया. शख्स ने इस मंजर का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
चित्रकूट: जिले के रानीपुर टाइगर रिजर्व क्षेत्र में इन दिनों कुछ खास दृश्य देखने को मिल रहा है. यहां कभी घने जंगलों की गहराई में ही जंगली जानवरों की मौजूदगी महसूस होती थी. वहीं अब वही जानवर रात के सन्नाटे में सड़कों पर बेखौफ टहलते नजर आ रहे हैं. ताजा मामला मानिकपुर-धारकुंडी मार्ग का है, जहां बुधवार देर रात एक तेंदुआ सड़क पर आराम से टहलता हुआ दिखाई दिया है.
शख्स ने दिखाई समझदारी
यह नजारा उस समय सामने आया, जब मानिकपुर (चमरौहां) निवासी नीलेश द्विवेदी, रीवा से अपने घर लौट रहे थे. तभी अचानक सड़क पर सामने तेंदुए को देख उन्होंने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई. उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोक ली, हेडलाइट्स को स्थिर रखा और बिना किसी हलचल के सुरक्षित दूरी बनाकर पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया था.
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेंदुआ पूरी तरह शांत नजर आ रहा है. वह कुछ देर तक सड़क पर ही टहलता रहा, जैसे आसपास के माहौल को परख रहा हो. फिर धीरे-धीरे वह वापस जंगल की ओर मुड़ गया.
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और रोमांचित भी. जानकारी के लिए बता दें कि यह कोई पहला वीडियो नहीं है. रानीपुर टाइगर रिजर्व घोषित होने के बाद से इस क्षेत्र में वन्यजीवों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पहले जहां इन जानवरों को देखने के लिए जंगलों के भीतर जाना पड़ता था, अब वे खुद ही सड़कों तक आ रहे हैं. खासकर मानिकपुर-धारकुंडी मार्ग पर देर शाम या रात के समय तेंदुए का दिखना अब धीरे-धीरे आम होता जा रहा है.
राहगीरों से सावधानी बरतने की अपील
हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी प्रकार की हमले या जनहानि की घटना सामने नहीं आई है. वन्यजीव आमतौर पर शांत रहते हुए सड़क पर आते हैं और कुछ देर बाद वापस जंगल में लौट जाते हैं. इसी बीच धारकुंडी के संत स्वामी ब्रह्मानंद ने सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धालुओं और राहगीरों से अपील की है कि वे इस मार्ग से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतें.
उन्होंने कहा कि रात के समय वाहन की गति धीमी रखें, अनावश्यक हॉर्न न बजाएं और किसी भी वन्यजीव के पास जाने की कोशिश न करें. वहीं वन विभाग भी लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है कि जंगल से सटे इलाकों में यात्रा करते समय अतिरिक्त सतर्कता जरूर रखें और जंगल की ओर बिल्कुल भी जाने का प्रयास न करें.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.