काशी बहार या पूसा हाइब्रिड 3…लौकी किसानों के लिए कौन सी किस्मों से कितनी कमाई?, ये 5 वैरायटी वरदान
शाहजहांपुर. खरीफ के मौजूदा सीजन में अगर आप कम समय में बंपर कमाई का सपना देख रहे हैं, तो लौकी की खेती आपके लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है. सब्जी मंडियों में सालभर मांग में रहने वाली लौकी की सही किस्मों का चुनाव कर किसान प्रति हेक्टेयर भारी मुनाफा कमा सकते हैं. बाजार की मांग और मौसम की चुनौतियों को देखते हुए उन्नत किस्मों की बिजाई का यह सबसे सटीक समय है. सही देखरेख और आधुनिक बीजों के साथ खेती कर आप न केवल लागत कम कर सकते हैं, बल्कि सीजन खत्म होने तक अपनी जेब भी भर सकते हैं. शाहजहांपुर के जिला उद्यान अधिकारी डॉ. पुनीत कुमार पाठक लोकल 18 से कहते हैं कि किसानों को हमेशा अपने क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी के अनुसार ही किस्म का चयन करना चाहिए. खरीफ सीजन में कीटों और रोगों का प्रकोप अधिक होता है, इसलिए किसानों को सलाह है कि वो ‘काशी बहार’ या ‘NS 421’ जैसी जल्दी तैयार होने वाली किस्मों को प्राथमिकता दें. उचित जल निकासी और समय पर उर्वरकों के प्रबंधन से किसान 500 क्विंटल तक की पैदावार हासिल कर सकते हैं. हमारा विभाग किसानों को तकनीकी सहायता और सब्सिडी के माध्यम से लगातार प्रोत्साहित कर रहा है.
काशी बहार : सबसे तेज और सबसे ज्यादा
अगर आप ऐसी किस्म की तलाश में हैं जो रिकॉर्ड तोड़ पैदावार दे, तो काशी बहार बेहतरीन विकल्प है. यह किस्म महज 90 से 100 दिनों में उपज देना शुरू कर देती है, जिससे किसानों को जल्दी पैसा मिलना शुरू हो जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी उत्पादन क्षमता है, जो 500 से 550 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक पहुंचती है. इसके फल दिखने में आकर्षक और बाजार के अनुकूल होते हैं.
काशी गंगा : पैदावार में दमदार
काशी गंगा उन किसानों की पहली पसंद है जो भरपूर फसल चाहते हैं. यह किस्म 115 से 118 दिनों में पूरी तरह तैयार होकर तुड़ाई के लिए उपलब्ध हो जाती है. इसकी पैदावार क्षमता 480 से 500 क्विंटल प्रति हेक्टेयर के बीच रहती है. इसके पौधे मजबूत होते हैं और प्रतिकूल मौसम को सहने की अच्छी क्षमता रखते हैं, जिससे नुकसान का जोखिम काफी कम हो जाता है.
पूसा हाइब्रिड 3 : कम वक्त में बड़ा मुनाफा
समय की बचत और अधिक उत्पादन के लिए पूसा हाइब्रिड 3 एक शानदार हाइब्रिड किस्म है. यह बहुत ही कम समय यानी सिर्फ 50 से 55 दिनों में उत्पादन देना शुरू कर देती है. जो किसान जल्दी फसल लेकर बाजार का ऊंचा भाव पकड़ना चाहते हैं, उनके लिए यह वरदान है. इसकी पैदावार 450 से 480 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक जाती है, जो इसे व्यावसायिक खेती के लिए भरोसेमंद बनाती है.
अर्का बहार : स्वाद और गुणवत्ता का संगम
अर्का बहार किस्म अपनी बेहतरीन गुणवत्ता और स्वाद के लिए जानी जाती है. इस किस्म से आप प्रति हेक्टेयर 400 से 450 क्विंटल तक की उपज ले सकते हैं. यह फसल लगभग 115 से 118 दिनों में पूरी तरह तैयार हो जाती है. इसके फल एक समान आकार के होते हैं, जिसकी वजह से स्थानीय बाजारों के साथ-साथ दूर की मंडियों में भी इसकी अच्छी कीमत मिल जाती है.
NS 421 : एडवांस फार्मिंग के लिए उत्तम
आधुनिक खेती के लिए NS 421 एक उत्कृष्ट किस्म मानी जाती है. इसकी सबसे बड़ी खूबी इसकी रफ्तार है, यह मात्र 45 से 50 दिनों के भीतर फल देना शुरू कर देती है. छोटे अंतराल की फसल होने के बावजूद इसकी पैदावार क्षमता 360 से 380 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है. कम दिनों की फसल होने के कारण इसमें सिंचाई और कीटनाशकों का खर्च भी अन्य किस्मों की तुलना में कम आता है.
कल्यानपुर हरी लौकी : पारंपरिक और सुरक्षित विकल्प
कल्यानपुर हरी लौकी उन इलाकों के लिए बहुत अच्छी है जहां किसान सामान्य और स्थिर पैदावार चाहते हैं. यह किस्म 115 से 118 दिनों में उत्पादन के लिए तैयार हो जाती है और लगभग 250 से 280 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक की उपज देती है. इसके फल मध्यम लंबे और हरे रंग के होते हैं, जिन्हें आम खरीदार काफी पसंद करते हैं. कम लागत में औसत मुनाफे के लिए यह एक बढ़िया चुनाव है.