PSL 2026 Bangladesh Cricket: पीएसएल खेलने पाकिस्तान नहीं जाएंगे बांग्लादेशी क्रिकेटर्स? बीसीबी ने कर दिया साफ

Share to your loved once


होमखेलक्रिकेट

PSL खेलने पाकिस्तान नहीं जाएंगे बांग्लादेशी क्रिकेटर्स? BCB ने कर दिया साफ

Last Updated:

Bangladesh Cricketers PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में बांग्लादेश के खिलाड़ियों का खेलना सरकार की अनुमति पर निर्भर करेगा. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहे तनाव को देखते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने साफ किया है कि खिलाड़ियों की भागीदारी तभी तय होगी, जब उन्हें सरकार से मंजूरी मिलेगी.

PSL खेलने पाकिस्तान नहीं जाएंगे बांग्लादेशी क्रिकेटर्स? BCB ने कर दिया साफZoom

बांग्लादेश बोर्ड को सरकार की अनुमति का इंतजार.

नई दिल्ली. टी20 विश्व कप 2026 से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ एकजुटता दिखाई थी. पीसीबी ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने की धमकी भी दी थी, लेकिन अब बीसीबी की तरफ से आए एक बयान ने पाकिस्तान के साथ उसके संबंधों पर सवालिया निशान लगा दिया है. मामला पीसीबी द्वारा संचालित पीएसएल 2026 से जुड़ा हुआ है. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2026) की शुरुआत 26 मार्च से हो रही है. सीजन की शुरुआत से ठीक पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने कहा है कि पीएसएल में बांग्लादेश के खिलाड़ियों की मौजूदगी बांग्लादेश सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगी.

एक रिपोर्ट के मुताबिक बीसीबी के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, “हम अपने क्रिकेटरों को पीएसएल के लिए भेजने से पहले सरकार से अनुमति लेंगे. सामान्य हालात में, इसकी जरूरत नहीं होती. हम खिलाड़ियों को भेजते हैं, वे जाते हैं और खेलकर वापस आ जाते हैं. फिलहाल हालात सामान्य नहीं हैं. खिलाड़ियों की सुरक्षा का मामला है. इसलिए हम सरकार से इस बारे में बात करेंगे.”

बांग्लादेश बोर्ड को सरकार की अनुमति का इंतजार.

उन्होंने आगे कहा, “हम सरकार से पूछेंगे कि पाकिस्तान जाना सुरक्षित है या नहीं. सरकार ही वहां के हालात को बेहतर समझती है, इसलिए हम सरकार के निर्णय के मुताबिक आखिरी फैसला लेंगे. सरकार हमें बताती है कि जाना सुरक्षित है और खिलाड़ी यात्रा कर सकते हैं, तो खिलाड़ी जाएंगे. सरकार परिस्थितियों के मुताबिक निर्णय लेगी.” सरकार से मंजूरी मिलने की स्थिति में पीएसएल में जाने वाले बांग्लादेश के खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए तैयारी कैंप में नहीं जा पाएंगे. न्यूजीलैंड की टीम 13 अप्रैल को तीन वनडे और तीन टी20 के लिए ढाका पहुंचेगी.

बीसीबी ने अपने खिलाड़ियों को आंशिक एनओसी जारी किए हैं. बांग्लादेश ने अभी भी अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप के लिए क्वालिफाई नहीं किया है. इसलिए बीसीबी अपने मुख्य खिलाड़ियों की न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के दौरान उपस्थिति चाहता है. मुस्तफिजुर को 26 मार्च से 12 अप्रैल तक और फिर 24 अप्रैल से 3 मई तक के लिए एनओसी दिया गया है.

बीसीबी ने छह खिलाड़ियों—मुस्तफिजुर रहमान, परवेज हुसैन इमोन (लाहौर कलंदर्स), शोरीफुल इस्लाम, नाहिद राणा, तंजीद हसन तमीम (पेशावर जालमी), और रिशाद हुसैन (पेशावर जालमी)—को पूर्व में एनओसी जारी किया है, लेकिन 26 मार्च से शुरू हो रहे पीएसएल-2026 के लिए अब इन खिलाड़ियों को बांग्लादेश सरकार की मंजूरी का इंतजार रहेगा. बता दें कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर पीएसएल 2026 के सुरक्षित आयोजन पर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि पीसीबी ने हाल में जारी एक बयान में पीएसएल के तय शेड्यूल के मुताबिक आयोजन का दावा किया है.

About the Author

Shivam Upadhyay

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP