Color of Moles on Body: आपके शरीर पर किस रंग का है तिल, काला, लाल, भूरा, पीला या कुछ और? सामुद्रिक शास्त्र से जानें क्या हैं इसके मायने
Sharir Par Til Ka Rang: हमारे शरीर पर कहीं न कहीं तिल होते हैं. तिल का रंग काला, लाल, भूरा, पीला या हल्के हरे रंग का हो सकता है. सामुद्रिक शास्त्र में तिल और उसके रंग के आधार पर लाभ-हानि के बारे में बताया गया है. कुछ लोग तिल को सौभाग्य, सुख, समृद्धि का प्रतीक मानते हैं, वहीं कुछ लोग इसे दुर्भाग्य, खराब सेहत आदि से जोड़कर देखते हैं. शरीर के जिस हिस्से पर यह तिल होता है और जिस रंग का होता है, उसके अलग मायने होते हैं. तिल के रंग का संबंध ग्रह विशेष से होता है और उसका प्रभाव भी वैसा ही देखने को मिल सकता है. कुछ लोगों में ये तिल जन्म से हो सकते हैं तो कुछ लोगों में समय के साथ आते और जाते रहते हैं.
शरीर के तिल की भविष्यवाणी के नियम
सामुद्रिक शास्त्र और हस्तरेखा विज्ञान के आचार्य राजीव कौशिक कहते हैं कि शरीर पर तिल से जुड़ी भविष्यवाणी के कुछ नियम हैं. उनको ध्यान में रखना चाहिए. यदि किसी व्यक्ति के शरीर पर जन्म से ही तिल है तो फिर उसकी भविष्यवाणी नहीं करते हैं. जन्म् से मिले तिल पर विचार नहीं किया जाता है. लेकिन किसी के शरीर पर जन्म के बाद या किसी समय विशेष में तिल दिखाई देने लगा है तो उससे जुड़ी भविष्यवाणी करनी चाहिए. तिल का रंग बहुत ही महत्वपूर्ण होता है.
शरीर पर तिल के रंगों का महत्व
काले रंग का तिल: यदि शरीर पर काले रंग का तिल है, तो उसका संबंध राहु से होता है. काले रंग के तिल का संबंध शनि, राहु ग्रह से होता है. जिस स्थान पर काले रंग का तिल होता है, वहां पर राहु या शनि का अशुभ प्रभाव पड़ता है.
लाल रंग का तिल: यदि आपके शरीर पर लाल रंग का तिल है, तो इसका संबंध मंगल ग्रह से होता है. यह सामान्य तिल से अलग प्रभाव डालता है. यह शुभ और अशुभ दोनों प्रभाव देता है. चेहरे का लाल तिल दांपत्य और पारिवारिक जीवन में कष्ट कारक होता है. भुजाओं का लाल तिल आर्थिक मजबूती देता है. छाती पर लाल तिल विदेश यात्रा और प्रचूर धन कमाने का प्रतीक है. पीठ पर लाल तिल पराक्रम का प्रतीक है, ऐसे लोग सेना या सुरक्षा से जुड़े काम करते हैं.
पीले रंग का तिल: जिन लोगों के शरीर पर पीले रंग का तिल या धब्बा होता है, तो वह देव गुरु बृहस्पति से जुड़ा माना जाता है.
काले-पीले रंग का तिल: यदि आपके तिल का रंग काला और पीला है तो आपको सावधान हो जाना चाहिए क्योंकि यह रोग का सूचक होता है. कोई गंभीर बीमारी होने की आशंका रहती है. लिवर और त्वचा से संंबंधित कोई समस्या हो सकती है.
भूरे रंग का तिल: यदि आपके शरीर पर भूरे रंग का तिल है तो इसका संबंध शुक्र ग्रह से होता है. कुछ स्थानों पर यह तिल बेहद शुभ होता है, लेकिन सामान्यतया इसका विचार अशुभ प्रभाव का होता है.
हरे रंग का तिल: कुछ लोगों में तिल थोड़ा हरा रंग का हो सकता है, जिसका संंबंध बुध ग्रह से होता है.
यदि आपकी हथेली में जिस स्थान पर तिल होगा, उस स्थान से संंबंधित गुणों को प्रभावित करेगा. वह दोष पैदा कर देगा. ज्योतिष उपायों को करके आप उस दोष को दूर कर सकते हैं. शनि और राहु से संबंधित कोई समस्या आती है तो हथेली में तिल दिखाई देता है.