सिर्फ लहसुन से बनाएं इतनी टेस्टी सब्जी कि खाने वाले पूछें-क्या सच में इसमें कुछ और नहीं है? बस ये 1 ट्रिक जान लीजिए

Share to your loved once


Garlic Curry Recipe: घर का खाना तभी मजेदार लगता है जब उसमें कुछ नया और दिलचस्प ट्विस्ट हो. रोज-रोज एक जैसी सब्जियां खाकर कई बार मन भी ऊब जाता है. ऐसे में अगर किचन में कोई अलग और स्वाद से भरपूर डिश बन जाए, तो पूरा मूड ही बदल जाता है. लहसुन आमतौर पर हर सब्जी में इस्तेमाल होता है, लेकिन क्या आपने कभी सिर्फ लहसुन से बनी सब्जी ट्राई की है? सुनने में थोड़ा अलग जरूर लगता है, लेकिन इसका स्वाद इतना गजब होता है कि एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे. कई लोगों को लगता है कि लहसुन जल्दी नहीं पकता और अगर ठीक से न बने तो इसका टेस्ट खराब हो सकता है. यही वजह है कि लोग इसे बनाने से बचते हैं.

लेकिन सही तरीका पता हो तो लहसुन की सब्जी इतनी सॉफ्ट और टेस्टी बनती है कि मटन जैसी डिश भी पीछे रह जाए. इस आर्टिकल में आपको एक आसान और कामयाब तरीका मिलेगा, जिससे लहसुन की सब्जी बनाना बेहद आसान हो जाएगा और उसका स्वाद लाजवाब आएगा.

लहसुन को सही तरीके से फ्राई करना क्यों जरूरी है?
लहसुन की सब्जी का असली स्वाद उसकी शुरुआती तैयारी में छिपा होता है. सबसे पहले लगभग 250 ग्राम लहसुन लें और उसे साफ कपड़े से पोंछ लें. ध्यान रखें कि लहसुन गीला न हो. अब एक कढ़ाई में थोड़ा सा तेल गर्म करें और लहसुन को 3-4 मिनट तक हल्का फ्राई करें. इस प्रोसेस से लहसुन के ऊपर हल्की सी लेयर बन जाती है, जिससे वो अंदर से नरम और बाहर से हल्का क्रिस्प हो जाता है. यही स्टेप सब्जी के स्वाद को एकदम अलग लेवल पर ले जाता है. फ्राई करने के बाद लहसुन को निकालकर अलग रख लें.

मसाला तैयार करने का सही तरीका
-अब बात आती है उस मसाले की जो इस सब्जी की जान है. उसी कढ़ाई में थोड़ा और तेल डालें और उसे गर्म करें. फिर उसमें आधा चम्मच जीरा डालें. जैसे ही जीरा चटकने लगे, उसमें बारीक कटी हुई एक बड़ी प्याज डाल दें.

-प्याज को गोल्डन ब्राउन होने तक भूनें. इसके बाद इसमें अदरक के टुकड़े और 2 हरी मिर्च डालें. फिर साबुत मसाले जैसे तेज पत्ता, लौंग, काली मिर्च, बड़ी इलायची और जावित्री डालकर अच्छे से पकाएं. इस दौरान एक चम्मच लहसुन का पेस्ट डालने से फ्लेवर और भी बढ़ जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

-अब इसमें कटे हुए 2 टमाटर डालें और मसालों के साथ अच्छे से पकाएं. जब टमाटर पूरी तरह गल जाएं, तब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च डालें. मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल अलग न दिखने लगे. जरूरत हो तो थोड़ा पानी डालकर ग्रेवी तैयार कर लें.

लहसुन की सब्जी बनाने का फाइनल स्टेप
-जब मसाला और ग्रेवी तैयार हो जाए, तब उसमें फ्राई किया हुआ लहसुन डालें. हल्का सा पानी डालकर इसे अच्छे से मिक्स करें. अब इसमें थोड़ा गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें.

-सबसे जरूरी बात-इसे लो फ्लेम पर ढककर करीब 30 मिनट तक पकाएं. यही वो स्टेप है जहां लहसुन पूरी तरह से नरम हो जाता है और मसालों का स्वाद उसमें अंदर तक चला जाता है.

-धीरे-धीरे पकने से लहसुन का टेक्सचर बहुत सॉफ्ट हो जाता है और उसका स्वाद गाढ़ा और रिच हो जाता है. जब सब्जी तैयार हो जाए, तो ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालकर सर्व करें.

किसके साथ खाएं ये खास सब्जी?
लहसुन की ये सब्जी रोटी, पराठा या फिर सादी चावल के साथ बहुत शानदार लगती है. अगर आप चाहें तो इसे खास मौके या गेस्ट के लिए भी बना सकते हैं. यकीन मानिए, हर कोई इसकी तारीफ करेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP