Aloo Parwal Without Onion-Garlic: बिना लहसुन-प्याज बनती है आलू-परवल की यह झोलदार सब्जी, नवरात्रि का सात्विक ऑप्शन
Last Updated:
Navratri Special Aloo Parval Satvik Sabji: नवरात्रि में कई घरों में लहसुन-प्याज नहीं खाया जाता और बिना इसके सब्जी का मसाला खासकर ग्रेवी कैसे तैयार करें, ये बड़ा सवाल रहता है. इसी क्रम में पलामू की गृहणी शर्मिला ने बिना प्याज-लहसुन की आलू-परवल की सब्जी की रेसिपी शेयर की जो इतनी स्वादिष्ट लगती है कि प्याज-लहसुन की कमी नहीं लगती.
पलामू. नवरात्रि का पर्व शुरू होते ही घरों में सात्विक भोजन की मांग बढ़ जाती है. इस दौरान लोग बिना लहसुन और प्याज के बने व्यंजन खाना पसंद करते हैं, लेकिन कई बार स्वाद और रेसिपी को लेकर उलझन बनी रहती है. ऐसे में झारखंड के पलामू जिले की रहने वाली शर्मिला सुमी एक आसान और स्वादिष्ट समाधान लेकर आई हैं. उन्होंने घर के किचन में बनने वाली परवल की एक खास झारखंडी स्टाइल रेसिपी साझा की है, जिसे आप व्रत या सामान्य दिनों में भी बना सकते हैं.
इतनी लगेगी सामग्री
शर्मिला सुमी ने बताया कि इस रेसिपी को तैयार करने के लिए दो लोगों के हिसाब से लगभग 100 ग्राम परवल, 2 आलू, 2 टमाटर, बारीक कटा धनिया पत्ता, आधा चम्मच मेथी, आधा चम्मच जीरा, आधा चम्मच खड़ा धनिया, एक चौथाई हल्दी पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला, 2 सूखी लाल मिर्च, थोड़ा अदरक और स्वादानुसार नमक की जरूरत होती है. सबसे पहले परवल और आलू को काटकर तैयार कर लें.
बिना प्याज-लहसुन, टमाटर की ग्रेवी से तैयार
उन्होंने कहा कि अब कढ़ाही में सरसों का तेल डालकर उसे अच्छी तरह गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद उसमें मेथी डालें और हल्का लाल होने तक भूनें. इसके बाद कटे हुए परवल को डालें और 5 मिनट तक भूनें. इसके बाद आलू डालकर अच्छे से भूनें और नमक स्वादानुसार थोड़ा मिलाएं. इसी बीच मसाला तैयार करने के लिए मिक्सी में जीरा, सूखी लाल मिर्च, अदरक, धनिया और एक टमाटर डालकर पीस लें. चूंकि इस रेसिपी में लहसुन और प्याज का उपयोग नहीं किया जाता, इसलिए टमाटर मसाले को पीसने में मदद करता है और स्वाद भी बढ़ाता है.
आखिर में करें धनिया से गार्निश
जब आलू और परवल लगभग 10 मिनट तक पक जाएं, तब तैयार मसाला उसमें डाल दें और उसे अच्छी तरह भूनें. इसके साथ हल्दी पाउडर डालें. मसाले को करीब 10 मिनट तक पकाने के बाद इसमें आधा गिलास पानी डालें और धीमी आंच पर पकने दें. जब पानी सूख जाए और सब्जी अच्छी तरह से गल जाए, तब गैस बंद कर दें. अंत में ऊपर से धनिया पत्ता डालकर सजाएं.
नहीं लगेगी प्याज-लहसुन की कमी
उन्होंने कहा कि अब आपका बिना लहसुन-प्याज के तैयार यह परवल की सब्जी न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होती है, बल्कि नवरात्रि के दौरान सात्विक भोजन का एक अच्छा रेसिपी है. जिसे आप अपने घर में बना सकते हैं. इसे बनाना भी आसान है और टेस्ट ऐसा होता है कि आपको नहीं लगेगा बिना प्याज-लहसुन का खाना बना है. चावल और पराठे के साथ ये और भी ज्यादा स्वादिष्ट लगती है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें