2 गेंद पर हैट्रिक पूरी, 2014 के IPL के 1 मैच में बने 2 अनोखा रिकॉर्ड, ओपनर्स ने की 100 रन की साझेदारी, फिर भी हार गई टीम
Last Updated:
आईपीएल इतिहास में अब तक कुल 23 हैट्रिक दर्ज हो चुकी हैं, लेकिन तांबे की हैट्रिक सबसे अलग है. आमतौर पर क्रिकेट में हैट्रिक का मतलब होता है लगातार 3 गेंदों पर 3 विकेट, लेकिन तांबे ने इस परिभाषा को ही अनोखे अंदाज़ में बदल दिया उन्होंने सिर्फ 2 लीगल गेंदों में हैट्रिक पूरी कर ली

राजस्थान के स्पिनर प्रवीण तांबे ने 2 गेंद पर हैट्रिक लेकर 2014 में बनाया अनोखा रिकॉर्ड
नई दिल्ली. आईपीएल का रोमांच एक बार फिर चरम पर पहुंचने वाला है. 28 मार्च से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के 19वें सीजन का आगाज़ विराट की बैंगलुरु और ईशान किशन की हैदराबाद के बीच मुकाबले से होगा. हर सीजन की तरह इस बार भी नए रिकॉर्ड बनेंगे, लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे होते हैं जो समय के साथ और भी खास बन जाते हैं और उन्हीं में से एक है प्रवीन तांबे की वो अनोखी हैट्रिक, जिसे दोहराना आज भी लगभग नामुमकिन माना जाता है.
आईपीएल इतिहास में अब तक कुल 23 हैट्रिक दर्ज हो चुकी हैं, लेकिन तांबे की हैट्रिक सबसे अलग है. आमतौर पर क्रिकेट में हैट्रिक का मतलब होता है लगातार 3 गेंदों पर 3 विकेट, लेकिन तांबे ने इस परिभाषा को ही अनोखे अंदाज़ में बदल दिया उन्होंने सिर्फ 2 लीगल गेंदों में हैट्रिक पूरी कर ली. सबसे ज्यादा उम्र में आईपीएल में डेब्यू करने वाले प्रवीन तांबे का ये रिकॉर्ड आज भी कई लोगों को मुंह चिढ़ा रहा है.
कैसे बनी 2 गेंदों में हैट्रिक?
यह दिलचस्प घटना IPL 2014 के दौरान हुई, जब राजस्थान रॉयल्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से था. मैच के 16वें ओवर में तांबे ने अपनी फिरकी का जादू दिखाया. ओवर की पहली गेंद उन्होंने गुगली डाली, जिस पर Manish Pandey चूक गए और विकेटकीपर Sanju Samson ने उन्हें स्टंप कर दिया हालांकि, यह गेंद वाइड करार दी गई, इसलिए विकेट तो मिला लेकिन गेंद काउंट नहीं हुई. इसके बाद जो हुआ, उसने क्रिकेट इतिहास में एक अनोखा अध्याय जोड़ दिया. पहली लीगल गेंद पर तांबे ने युसुफ पठान को आउट किया और अगली ही गेंद पर रेयान डेस्कॉटे भी पवेलियन लौट गए. इस तरह, दो वैध गेंदों पर लगातार विकेट लेकर तांबे ने अपनी हैट्रिक पूरी कर ली एक ऐसा कारनामा, जो बेहद दुर्लभ है. तांबे से पहले यह कारनामा सिर्फ इसरु उडाना ने चैंपियंस लीग 20 2010 में किया था. इस तरह तांबे दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने, जिन्होंने 2 गेंदों में हैट्रिक ली.
मैच में बना एक और अनचाहा रिकॉर्ड
इस मुकाबले में कोलकाता के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ, जिसे कोई टीम अपने नाम नहीं करना चाहेगी. केकेआर आईपीएल इतिहास की पहली टीम बनी, जिसने 100 रनों की ओपनिंग साझेदारी करने के बावजूद मैच गंवा दिया. प्रवीण तांबे की यह हैट्रिक सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि क्रिकेट की अनिश्चितता और रोमांच का बेहतरीन उदाहरण है जहां एक ओवर, एक गेंद और एक फैसला पूरे मैच का रुख बदल सकता है. यही वजह है कि आईपीएल सिर्फ एक लीग नहीं, बल्कि हर साल लिखी जाने वाली एक नई किताब है जिसमें रोज कुछ नए पन्ने जुड़ते चले जाते है.