एक बार खा लिया ये वेज फिश करी, तबियत हो जाएगी मस्त, जानें रेसिपी
Last Updated:
जब मसाला अच्छी तरह पक जाए तो उसमें आवश्यकतानुसार पानी डालकर ग्रेवी तैयार की जाती है. उबाल आने के बाद धीरे-धीरे बेसन के तैयार टुकड़ों को इसमें डाला जाता है और हल्की आंच पर पकाया जाता है ताकि वे मसाले का स्वाद अच्छी तरह सोख लें. कुछ मिनट पकाने के बाद…..
कोडरमा. रसोई में नए स्वाद की तलाश कर रहे लोगों के लिए बेसन की मछली यानी वेज फिश करी एक बेहतरीन विकल्प है. यह पूरी तरह शाकाहारी डिश है लेकिन, इसका स्वाद पारंपरिक मछली करी जैसा लगता है. बेसन की मछली न केवल स्वाद में लाजवाब है. बल्कि यह पूरी तरह शाकाहारी और प्रोटीन से भरपूर भी है. गृहणी राधिका प्रजापति ने बताया कि इस डिश की खासियत इसका मसाला और बनाने का तरीका है. वही इसे अलग पहचान देता है. इसमें बेसन से बने चिले को सरसों के तीखे और सुगंधित मसाले के साथ पकाया जाता है. जिससे इसका स्वाद बिल्कुल असली मछली करी जैसा महसूस होता है.
ऐसे तैयार होती है बेसन की मछली
उन्होंने बताया कि इस व्यंजन को बनाने के लिए सबसे पहले बेसन का एक अच्छा घोल तैयार किया जाता है. इसमें नमक, बारीक कटी हरी मिर्च, हल्दी, प्याज, गरम मसाला और थोड़ा सा बेकिंग सोडा मिलाया जाता है. इस मिश्रण को अच्छी तरह फेंटकर स्मूद बैटर तैयार किया जाता है. इसके बाद नॉन-स्टिक तवे या पैन पर इस घोल को रोटी के आकार में फैलाकर सेंका जाता है. जब यह हल्का सुनहरा हो जाए, तो इसे उतारकर रोल किया जाता है और फिर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. यही टुकड़े आगे चलकर वेज मछली का रूप लेते हैं.
सरसों का मसाला देता है असली स्वाद
राधिका ने बताया कि इसके बाद अब बारी आती है ग्रेवी तैयार करने की. एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म किया जाता है. जो इस डिश का असली फ्लेवर लाता है. तेल गर्म होने के बाद उसमें तेज पत्ता डाला जाता है और फिर बारीक कटे प्याज को सुनहरा होने तक भुना जाता है. इसी दौरान मिक्सी में पीले सरसों के दाने, हरी मिर्च, लहसुन, हल्दी और थोड़ा पानी डालकर एक स्मूद पेस्ट तैयार किया जाता है. इस पेस्ट को कढ़ाई में डालकर अच्छी तरह पकाया जाता है ताकि कच्चापन खत्म हो जाए और मसाले की खुशबू उभरकर आए. इसके बाद स्वादानुसार नमक, हल्दी और धनिया पाउडर मिलाया जाता है. कुछ देर पकाने के बाद इसमें कटे हुए टमाटर डालकर मसाले को और गाढ़ा व स्वादिष्ट बनाया जाता है.
जब मसाला अच्छी तरह पक जाए तो उसमें आवश्यकतानुसार पानी डालकर ग्रेवी तैयार की जाती है. उबाल आने के बाद धीरे-धीरे बेसन के तैयार टुकड़ों को इसमें डाला जाता है और हल्की आंच पर पकाया जाता है ताकि वे मसाले का स्वाद अच्छी तरह सोख लें. कुछ मिनट पकाने के बाद आपकी स्वादिष्ट वेज फिश करी तैयार हो जाती है. इसे गरमा-गरम चावल के साथ परोसने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें