बीजेपी नेता राजकुमार चौहान की हत्या के बाद भतीजे को भी मारने का था प्लान, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा, दो गिरफ्तार
Last Updated:
Gorakhpur News: गोरखपुर में पूर्व पार्षद और बीजेपी नेता राजकुमार चौहान की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि राज चौहान ने अपने साथी विपिन यादव के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था. इसके बाद उनका अगला टारगेट मैटक का भतीजा नीरज चौहान था.

गोरखपुर राजकुमार चौहान हत्याकांड का खुलासा
गोरखपुर. गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा में मंगलवार सुबह हुए पूर्व पार्षद बीजेपी नेता राजकुमार चौहान हत्याकांड का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मंगलवार की रात 10 बजे गोरखपुर पुलिस लाइन में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पूरे मामले का खुलासा किया. अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड में दो आरोपियों- राज चौहान और विपिन यादव- को गिरफ्तार किया गया है.
एसएसपी का कहना है कि, 17 मार्च की सुबह करीब 6:15 बजे सूचना मिली थी कि राजकुमार चौहान को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी है. उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस मामले में परिजनों की तहरीर पर कई नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध घटना से पहले मौके की ओर जाते हुए दिखे. उनकी पहचान राज चौहान और विपिन यादव के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
इसलिए मार डाला
पूछताछ में मुख्य आरोपी राज चौहान ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसका अपने भाई और मृतक के भतीजे नीरज चौहान से विवाद हुआ था. उसे शक था कि नीरज अपने चाचा राजकुमार चौहान के प्रभाव में उसे अपमानित कर रहा है. इसी रंजिश में उसने अपने साथी विपिन यादव के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया. आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसका अगला निशाना नीरज चौहान था. पुलिस ने बताया कि अन्य नामजद आरोपियों से भी पूछताछ जारी है और उनकी संलिप्तता की गहन जांच की जा रही है. घटना में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
मंत्री दारा सिंह चौहान परिवार से मिले
गौरतलब है कि इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद मंगलवार शाम प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था. इस दौरे को इलाके में जातीय और राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है. वहीं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि मृतक राजकुमार चौहान के परिवार के बच्चों की पढ़ाई और आर्थिक मदद की जाएगी. साथ ही मृतक राजकुमार चौहान परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई गई है.
About the Author
अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें