Fungal Infection Treatment in Summer | summer skin care tips | गर्मियों में फंगल इन्फेक्शन | गर्मियों में स्किन केयर टिप्स |

Share to your loved once


Last Updated:

Summer Skincare Tips: चिलचिलाती गर्मी और पसीना आपके लिए त्वचा की गंभीर बीमारियां ला सकता है. स्किन स्पेशलिस्ट डॉ. दिव्या द्विवेदी के अनुसार, नमी वाले हिस्सों में पनपने वाला फंगस ‘दाद’ का रूप ले लेता है, जो खुजलाने से और भी तेजी से फैलता है. टाइट कपड़े और पसीने वाली गंदगी इस समस्या को और भी खतरनाक बना देती है. अगर आप भी गर्मियों में खुजली और लाल चकत्तों से परेशान हैं, तो जानिए कैसे सही कपड़ों के चुनाव और सफाई की छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपनी स्किन को सुरक्षित रख सकते हैं.

Skin Care in Summer: गर्मियों की शुरुआत के साथ ही शरीर में पसीना बढ़ना एक आम बात है, लेकिन यही पसीना फंगल इन्फेक्शन की सबसे मुख्य वजह बनता है. त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या द्विवेदी बताती हैं कि शरीर के जिन हिस्सों में हवा कम पहुंचती है और पसीना ज्यादा आता है, जैसे अंडरआर्म्स और ग्रोइन एरिया में इन्फेक्शन का खतरा सबसे अधिक रहता है और वहां फंगस बहुत तेजी से पनपने लगता है. अक्सर लोग इसे शुरुआत में बहुत सामान्य खुजली समझकर छोड़ देते हैं, लेकिन धीरे-धीरे यह समस्या विकराल रूप ले लेती है और शरीर के बाकी हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लेती है. डॉक्टर के अनुसार, इन्फेक्शन वाली जगह को खुजलाने से यह और भी ज्यादा संक्रामक हो जाता है, इसलिए इससे बचाव करना बेहद जरूरी है.

टाइट कपड़े और फैशन बन रहे हैं मुसीबत
आजकल के दौर में टाइट और फिटिंग वाले कपड़े पहनने का काफी चलन है, लेकिन गर्मियों के लिहाज से यह सेहत के लिए ठीक नहीं है. नायलॉन, टाइट जींस और डेनिम जैसे मोटे कपड़े पहनने से शरीर तक ताजी हवा नहीं पहुंच पाती. हवा न लगने की वजह से पसीना सूख नहीं पाता और त्वचा पर हमेशा नमी बनी रहती है. यही नमी फंगस को बढ़ाने का सबसे बड़ा काम करती है. डॉक्टर दिव्या की सलाह है कि गर्मियों के दिनों में हमेशा ढीले-ढाले और सूती (कॉटन) के कपड़े ही पहनने चाहिए. सूती कपड़े पसीने को सोख लेते हैं और त्वचा को सांस लेने का मौका देते हैं, जिससे पसीना जल्दी सूख जाता है और इन्फेक्शन का खतरा कम हो जाता है.

साफ-सफाई और सही इलाज की कमी
स्किन की बीमारियों से बचने के लिए सबसे बुनियादी चीज साफ-सफाई है. रोजाना नहाते समय उन हिस्सों को अच्छी तरह साफ करना चाहिए जहां पसीना जमा होता है. नहाने के बाद पूरे शरीर को तौलिये से अच्छी तरह सुखाएं, क्योंकि गीली त्वचा पर फंगस जल्दी हमला करता है. कभी भी गीले या बिना धुले कपड़े दोबारा न पहनें, क्योंकि उनमें पहले से ही बैक्टीरिया मौजूद हो सकते हैं.

खासतौर पर जींस और डेनिम को बिना धोए बार-बार पहनने से बचना चाहिए. लोग अक्सर गलती यह करते हैं कि खुजली होने पर खुद ही मेडिकल स्टोर से कोई भी क्रीम लाकर लगा लेते हैं. इन क्रीमों में अक्सर स्टेरॉयड होता है, जो कुछ समय के लिए तो आराम दे देता है, लेकिन बाद में इन्फेक्शन को और भी जिद्दी और गंभीर बना देता है. इसलिए हमेशा किसी डॉक्टर की सलाह पर ही इलाज शुरू करें.

खान-पान और सावधानी से मिलेगी राहत
त्वचा को अंदर से स्वस्थ रखने के लिए गर्मियों में अपने खान-पान पर ध्यान देना भी बहुत जरूरी है. बाहर के जंक फूड, ज्यादा तले-भुने और मसालेदार खाने से दूरी बनाना ही बेहतर है. इसकी जगह घर का बना हल्का, ताजा और पौष्टिक भोजन करना चाहिए. शरीर में पानी की कमी न होने दें और जितना हो सके पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं. खुद को साफ-सुथरा रखकर और कपड़ों के चुनाव में थोड़ी सी समझदारी दिखाकर आप गर्मियों में होने वाली इन स्किन समस्याओं से पूरी तरह बच सकते हैं.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP