CSK या MI नहीं, इस टीम के नाम IPL में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड, इस बार 300 रन की भरेगी हुंकार
Last Updated:
IPL highest team score: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाना है. क्या आपको पता है इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली टीम कौन सी है? अगर आप चेन्नई सुपर किंग्स या मुंबई इंडियंस के बारे में सोच रहे हैं तो ऐसा नहीं है. चलिए जानते हैं आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली टीम के बारे में. दिलचस्प यह है कि यह टीम टॉप-5 हाइएस्ट टोटल पोस्ट करने के मामले में चार बार शामिल है.

आईपीएल में सबसे बड़े टीम स्कोर का रिकॉर्ड किसके नाम?
आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के नाम है. हैदराबाद ने 15 अप्रैल 2024 को आरसीबी के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 20 ओवर में 3 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 287 रन लगाए थे. टीम की तरफ से ट्रेविड हेड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 102 रनों की लाजवाब पारी खेली थी, जबकि हेनरिक क्लासन ने 31 गेंदों में 67 रन बनाए थे.
इंडियन प्रीमियर लीग में दूसरा सबसे बड़ा टोटल भी सनराइजर्स हैदराबाद ने ही बनाया है. 23 मार्च 2025 को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने चौके-छक्कों की बारिश करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 286 रन बनाए थे. ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 106 रनों की लाजवाब पारी खेली थी, जबकि ट्रेविस हेड ने 67 रनों का योगदान दिया था.
25 मई 2025 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीता था. इस मुकाबले में हैदराबाद की टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 278 रन बनाए थे. इस मैच में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे हेनरिक क्लासन ने 39 गेंदों में 105 रनों की तूफानी पारी खेली थी. वहीं, हेड ने 40 गेंदों का सामना करते हुए 76 रन बनाए थे.
आपको जानकार शायद हैरानी होगी कि आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे बड़ा स्कोर भी सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने बनाया है. 27 मार्च 2024 को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 277 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए थे. हेनरिक क्लासन ने 34 गेंदों में 80 रन बनाए थे, तो ट्रेविस हेड ने 24 गेंदों में 62 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी.
इंडियन प्रीमियर लीग में पांचवां सबसे बड़ा स्कोर कोलकाता नाइट राइडर्स ने साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए बनाया था. इस मुकाबले में केकेआर ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 272 रन बनाए थे. सुनील नरेन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 85 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 27 गेंदों में 54 रन बनाए थे. केकेआर ने इस सीजन खिताब भी अपने नाम किया था.
सनराइजर्स हैदराबाद की नजर 2026 में 300 रन का आंकड़ा छूने पर होगी. इतिहास में अब तक कोई भी टीम इस मुकाम तक नहीं पहुंच सकी है. हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद यह करिश्मा करने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है. हैदराबाद की टीम में अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं, जो पहली ही गेंद से गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने की ताकत रखते हैं. देखना दिलचस्प होगा कि इस सीजन में 300 रन का आंकड़ा कोई टीम छू पाती है या नहीं.
About the Author
Shivam Upadhyay
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें