शाम को कुछ तीखा-चटपटा खाने का मन है तो बनाएं बंगाली स्टाइल झालमुड़ी, घर पर तैयार, दे बिलकुल स्ट्रीट वाला स्वाद
जमशेदपुर. झारखंड के जमशेदपुर शहर में खाने-पीने की कई तरह की चीजें मशहूर हैं. यहां अलग-अलग राज्यों के लोग रहते हैं, इसलिए कई जगहों का खाना भी यहां आसानी से मिल जाता है. जमशेदपुर पश्चिम बंगाल के काफी पास है, इसलिए यहां बंगाली खान-पान का असर भी देखने को मिलता है. इन्हीं में से एक मशहूर और पसंदीदा स्नैक है झालमुड़ी.
झालमुड़ी बंगाल का बहुत लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है, जिसे लोग बड़े चाव से खाते हैं. जमशेदपुर में भी शाम के समय सड़क किनारे कई ठेलों पर झालमुड़ी बिकती हुई नजर आ जाती है. हल्की भूख लगने पर लोग इसे खाना पसंद करते हैं, क्योंकि यह हल्का, चटपटा और स्वाद से भरपूर होता है.
घर पर भी बाजार जैसा स्वाद
झालमुड़ी की खास बात यह है कि इसे बनाना बहुत आसान है और इसे घर पर भी जल्दी तैयार किया जा सकता है. फूड एक्सपर्ट सतेंद्र बताते हैं कि अगर सही तरीके से इसे बनाया जाए तो घर पर भी बिल्कुल बाजार जैसा स्वाद मिल सकता है.
झालमुड़ी बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में अच्छी क्वालिटी की मुरमुरा (लाई) लें. इसके बाद इसमें थोड़ा सा नमकीन मिक्सचर डाल दें, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है. अब इसमें बारीक कटा हुआ कच्चा प्याज डालें.
इसके बाद इसमें उबले हुए आलू के छोटे-छोटे टुकड़े डाल दें. साथ ही बारीक कटे टमाटर और थोड़ा सा उबला हुआ काला चना भी मिला दें. इससे झालमुड़ी और भी स्वादिष्ट बनती है. इन चीजों को आप अपने हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं.
ऐसे बेहतर बनेगा स्वाद
स्वाद को और बेहतर बनाने के लिए इसमें कद्दूकस किया हुआ खीरा और गाजर भी डाल सकते हैं. इसके बाद इसमें थोड़ा सा नींबू का रस निचोड़ दें और थोड़ा सा इमली का पानी मिला दें, जिससे हल्की खटास आ जाती है और स्वाद बढ़ जाता है.
झालमुड़ी का असली स्वाद सरसों के तेल से आता है. इसलिए इसमें थोड़ा सा सरसों का तेल जरूर डालें. इसके साथ ही थोड़ा सा अचार का मसाला भी मिला दें. इससे इसका स्वाद और ज्यादा चटपटा हो जाता है.
अब इन सभी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें. ध्यान रखें कि मुरमुरा ज्यादा देर तक गीला न हो, इसलिए झालमुड़ी को खाने से ठीक पहले ही मिलाना चाहिए.
शाम का बेस्ट स्नैक
जब सारी चीजें अच्छे से मिल जाएं तो आपकी स्वादिष्ट और चटपटी झालमुड़ी तैयार है. इसे आप शाम के समय चाय के साथ भी खा सकते हैं. यह जल्दी बनने वाला और स्वाद से भरपूर नाश्ता है, जिसे हर उम्र के लोग पसंद करते हैं. यह हेल्दी की कैटेगरी में भी आता है क्योंकि इसमें तेल मसाले ना के बराबर होते हैं. इसे और हेल्दी बनाने के लिए आप नमकीन मिक्सचर पूरी तरह हटा सकते हैं.