KKR IPL 2026: हर्षित राणा की कमी पूरी करेगा CSK के लिए खेल चुका स्टार? आईपीएल को लेकर क्या है KKR की प्लानिंग
नई दिल्ली. भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा का आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेलना काफी मुश्किल है. टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले चोटिल हुए हर्षित को सर्जरी करानी पड़ी, जिसके बाद वह अब रिकवरी मोड में हैं. हालांकि, केकेआर फ्रेंचाइजी ने उनके आईपीएल 2026 से बाहर होने की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि टीम उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर सकती है. रिपोर्ट्स की मानें तो केकेआर आईपीएल 2026 सीजन के लिए हर्षित राणा की जगह दिल्ली के तेज गेंदबाज और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके सिमरजीत सिंह को टीम में शामिल कर सकती है.
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो KKR ने हाल ही में एक ट्रायल आयोजित किया था, जिसमें लगभग 6 तेज गेंदबाज शामिल हुए थे, सिमरजीत भी उनमें से एक थे. माना जा रहा है कि केकेआर को 28 साल के सिमरजीत से इस ट्रायल में सबसे ज्यादा प्रभावित किया. बता दें कि सिमरजीत ने 2022 से 2024 तक चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 3 सीजन बिताए. हालांकि, उन्हें सिर्फ 10 मैच ही खेलने का मौका मिला. 2025 में उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने चुना था, लेकिन वे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए. उन्होंने इस टीम के लिए सिर्फ 4 मैच खेले. इसके बाद आईपीएल 2026 के ऑक्शन में उन्हें कोई खरीददार नहीं मिला. सिमरजीत लगातार 140 KMPH से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करने, सही लेंथ पर गेंद डालने और सटीक यॉर्कर फेंकने की अपनी काबिलियत के लिए जाने जाते हैं.
सिमरजीत सिंह को हर्षित राणा की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है.
हर्षित राणा पर क्या अपडेट?
हर्षित को 2026 टी20 वर्ल्ड कप के वार्मअप मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलते समय अपने दाहिने घुटने में चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ा. हालांकि, उन्हें पूरी तरह फिट होकर मैदान पर लौटने में कितना समय लगेगा, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. दो दिन पहले खबरें आईं कि हर्षित आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं. 15 मार्च को इन खबरों की बहुत हद तक पुष्टि हो गई, जब हर्षित को बैसाखी के सहारे चलते देखा गया. दरअसल, नई दिल्ली में आयोजित हुए बीसीसीआई नमन अवार्ड्स 2026 में हर्षित को ‘बेस्ट इंटरनेशनल डेब्यू (पुरुष) 2024–25’ का अवॉर्ड दिया गया, लेकिन जब अवॉर्ड के लिए उनका नाम लिया गया तो वह मंच पर नहीं जा सके. उनकी जगह पर ही आकर उन्हें अवॉर्ड दिया गया. इवेंट के बाद उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह बैसाखी के सहारे चलते नजर आए.
हालांकि, क्रिकबज की एक रिपोर्ट में यह कहा गया कि कोलकाता नाइटराइडर्स टीम हर्षित राणा और मथीशा पथिराना की जगह किसी और खिलाड़ी को शामिल नहीं करेगी. नाइट राइडर्स मैनेजमेंट का मानना है कि उनके पास तेज गेंदबाजी के लिए काफी विकल्प मौजूद हैं. इसके अलावा, उन्हें राणा की जगह लेने के लिए कोई स्पष्ट भारतीय विकल्प भी नजर नहीं आ रहा है. टीम में पहले से ही चार भारतीय तेज गेंदबाज शामिल हैं- वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी और आकाश दीप.
बता दें कि श्रीलंका की वर्ल्ड कप टीम के सदस्य पथिराना को चोट लगने की वजह से टीम से बाहर होना पड़ा था. हालांकि, सूत्रों का कहना है कि नाइटराइडर्स उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को लेने के बारे में नहीं सोच रही है, क्योंकि फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि यह गेंदबाज टूर्नामेंट के दौरान किसी न किसी समय खेलने के लिए उपलब्ध हो जाएगा, भले ही वह पूरे सीजन के लिए उपलब्ध न हो.
ब्लेसिंग मुजरबानी की एंट्री
फ्रेंचाइजी ने हाल ही में मुस्तफिज़ुर रहमान की जगह ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल किया है. मुस्तफ़िज़ुर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के निर्देशों पर टीम से रिलीज करना पड़ा था. मुजरबानी को पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड की तरफ से खेलना था, लेकिन उन्होंने PSL का कॉन्ट्रैक्ट ठुकरा दिया और आईपीएल में शामिल होने का फैसला किया.