fish farming profit per acre| YouTube Fish Farming | मत्स्य पालन
Last Updated:
Fish Farming Profit: बागपत के किसान हबीब ने पारंपरिक खेती छोड़ मत्स्य पालन (मछली पालन) अपनाकर कामयाबी की नई मिसाल पेश की है. मात्र डेढ़ बीघा जमीन और यूट्यूब से सीखी गई तकनीक के दम पर, हबीब आज सालाना ₹2.5 लाख का शुद्ध मुनाफा कमा रहे हैं. चार प्रजातियों की मछलियों का पालन कर वह दिल्ली और गाजीपुर की मंडियों में सप्लाई कर रहे हैं. कम लागत में सामान्य फसलों से 5 गुना अधिक आय देने वाला यह मॉडल अब अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बन गया है.
बागपत: कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों और कुछ अलग करने का जज्बा हो, तो कम संसाधनों में भी कामयाबी की नई इबारत लिखी जा सकती है. उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के किसान हबीब ने इसे सच कर दिखाया है. पारंपरिक खेती में घाटा और कम मुनाफे से परेशान होकर हबीब ने मछली पालन (मत्स्य पालन) को अपनाया और आज वह अपनी महज डेढ़ बीघा जमीन से सालाना ₹2.5 लाख तक का शुद्ध मुनाफा कमा रहे हैं.
पारंपरिक खेती को अलविदा, मत्स्य पालन से बदली तकदीर
किसान हबीब ने बताया कि वह पहले पारंपरिक खेती करते थे, जिसमें कम मुनाफा होने के कारण उन्हें अक्सर आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता था. अपनी जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो रहा था. इसके बाद उन्होंने कुछ अलग करने का फैसला लिया और यूट्यूब के जरिए मत्स्य पालन की बारीकियों को सीखा. हबीब ने अपनी मात्र डेढ़ बीघा जमीन पर बने पुराने तालाब की सफाई करवाई और उसमें चार अलग-अलग प्रजातियों की मछलियों का पालन शुरू किया.
लागत निकालकर ₹2.5 लाख का होता है मुनाफा
हबीब के अनुसार, करीब दो साल पहले शुरू किए गए इस व्यवसाय ने उन्हें उम्मीद से बेहतर परिणाम दिए हैं. सभी खर्च निकालने के बाद, उन्हें अब सालाना लगभग ₹2.5 लाख मुनाफा हो रहा है. यह आय अन्य पारंपरिक फसलों के मुकाबले पांच गुना से भी अधिक है. उनकी इस सफलता को देखकर क्षेत्र के अन्य किसान भी प्रेरित हो रहे हैं और मत्स्य पालन की ओर रुख कर रहे हैं.
दिल्ली और गाजीपुर की मंडियों में भारी मांग
हबीब अपनी मछलियों को दिल्ली के शाहदरा और गाजीपुर जैसी बड़ी मंडियों में सप्लाई करते हैं, जहां उन्हें अच्छे दाम मिलते हैं. हालांकि, उनका यह भी कहना है कि यदि बागपत के आसपास भी कोई बड़ी मछली मंडी स्थापित हो जाए, तो स्थानीय किसानों का परिवहन खर्च बचेगा और मुनाफा और भी अधिक बढ़ जाएगा. वह भविष्य में अपने इस काम को बड़े स्तर पर ले जाकर अन्य लोगों को रोजगार देने की भी योजना बना रहे हैं.
मछली पालन में सावधानियां और सफलता के मंत्र
किसान हबीब ने बताया कि तालाब में साफ सफाई रखने की आवश्यकता होती है और टेंपरेचर तालाब का बनाकर रखना होता है और दाना डालने का समय निर्धारित होता है और इसकी देखभाल अवश्य की जाती है और तालाब में किसी प्रकार का केमिकल या जहरीला पदार्थ न पहुंचे जिससे मछलियों को कोई नुकसान ना हो इन सभी सावधानियां को बरतने के साथ आप अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं और यह किसानों के लिए एक अच्छा स्रोत है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें