सावधान! बढ़ता तापमान मशरूम की खेती के लिए है खतरनाक, इस तरीके से करें बचाव, बंपर होगी पैदावार
Last Updated:
Mushroom Farming Tips: सहारनपुर में मशरूम उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है, लेकिन बढ़ता तापमान इसकी खेती के लिए चुनौती बन जाता है. कृषि विज्ञान केंद्र के प्रोफेसर डॉ. आई.के. कुशवाहा के अनुसार मशरूम को गर्मी से बचाने के लिए कमरे का तापमान बनाए रखना जरूरी है. इसके लिए फॉगर से ठंडे पानी की हल्की फुहार करनी चाहिए. साथ ही गर्म हवा को रोकने और ठंडी हवा के प्रवेश की व्यवस्था करनी चाहिए. मिट्टी या बोरी पर पानी छिड़ककर भी कमरे का वातावरण ठंडा रखा जा सकता है, जिससे उत्पादन सुरक्षित रहता है.
सहारनपुर: धीरे-धीरे तापमान बढ़ रहा है. तापमान बढ़ने से जहां कई तरह की फैसलें उससे प्रभावित होती हैं और किसान को काफी नुकसान होता है. उन्ही में सबसे नाजुक फसल होती है मशरूम. सहारनपुर के किसान बड़े पैमाने पर इसकी पैदावार करते हैं. सहारनपुर जनपद मशरूम उत्पादन में उत्तर प्रदेश में नंबर एक स्थान रखता है और यहां पर किसान बटन मशरूम से लेकर, ओयस्टर मशरूम, ढींगरी मशरूम, कीड़ा जड़ी मशरूम, गैनोडर्मा मशरूम सहित अन्य मशरूम की खेती करते हैं. लेकिन गर्मी जो कि मशरूम के लिए काल मानी जाती है और मशरूम के टेंपरेचर को मेंटेन करने के लिए किसानों को क्या कुछ उपाय करने चाहिए, इस खबर में आज हम आपको बताने जा रहे हैं.
मशरूम जरा सा टेंपरेचर बढ़ने से खराब हो जाता है. जिसको बाद में फिर रोका नहीं जा सकता. सावधानी ही मशरूम के उत्पादन को सुरक्षित रखती है. कुछ किसान मशरूम के रूम को ठंडा रखने के लिए कई तरह के उपाय करते हैं. उसी में सबसे बेहतरीन उपाय है ठंडा पानी का छिड़काव. लेकिन उसका छिड़काव भी हमें हाथों से नहीं करना है बल्कि फॉगर का इस्तेमाल करना है. इसके साथ ही और क्या कुछ देसी जुगाड़ किये जा सकते हैं, जिससे कि मशरूम के रूम का टेंपरेचर मेंटेन रहे, मशरूम खराब ना हो और गर्मी में भी किसान अच्छे से मशरूम का उत्पादन कर सके. उसको लेकर पूरी जानकारी दे रहे हैं कृषि एक्सपर्ट डॉक्टर आई.के कुशवाहा.
इन देसी जुगाड़ से कर सकते हैं मशरूम का टेंपरेचर मेंटेन
कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी व प्रोफेसर डॉक्टर आई.के कुशवाहा ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि सहारनपुर जनपद मशरूम उत्पादन में नंबर एक स्थान रखता है और यहां के युवा लगातार मशरूम की खेती की ओर बढ़ रहे हैं. यह कम लागत वाली खेती है और इसमें ज्यादा मुनाफा होता है. लेकिन धीरे-धीरे जैसे तापमान बढ़ रहा है वह मशरूम के लिए बेहद खतरनाक साबित होता है. इसलिए मशरूम में तापमान को बनाए रखने के लिए एक फॉगर आ रहा है जो कि इन दिनों काफी इस्तेमाल किया जा रहा है. पाइपलाइन को बिछाकर कमरे में इस फॉगर को लगाया जाता है. जगह-जगह उसमें नोज लगे हुए होते हैं और बहुत ही पतली बौछार के रूप में मशरूम पर इससे ठंडे पानी का छिड़काव किया जाता है. इसका इस्तेमाल कर आप अपने मशरूम के टेंपरेचर को मेंटेन कर सकते हैं.
इसके साथ ही मशरूम उत्पादन करने वाले किसान को यह ध्यान देना है कि जिस साइड से गर्म हवा आती उसको रोकना बहुत जरूरी है. अन्यथा मशरूम में फटन जैसी समस्याएं आ जाती है. तो इस तरीके से इसका ढांचा तैयार करें जिससे रूम के अंदर ठंडी हवा का ही प्रवेश हो और अंदर के वातावरण को ठंडा बनाने के लिए फॉगर का इस्तेमाल करें. अगर जहां पर किसान ने मशरूम लगाया है और जमीन नीचे से मिट्टी वाली है तो उसमें भी पानी का छिड़काव कर अंदर के वातावरण को ठंडा बनाया जा सकता है. अगर नीचे वाला स्थान पक्का है तो किसान बोरी डालकर के उस पर पानी का छिड़काव किया जा सकता है. ये तरीके हैं जो मशरूम के टेंपरेचर को मेंटेन रख सकते हैं, जिससे मशरूम का उत्पादन प्रभावित होने से बच जाता है.