शादी में डांस देखने पर विवाद! सागर में पिता-पुत्र पर हमला, एक की मौत
Last Updated:
मध्यप्रदेश के सागर जिले में शादी समारोह के दौरान डांस कार्यक्रम देखने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. कुर्सी पर बैठने को लेकर हुई कहासुनी के बाद पांच आरोपियों ने पिता और बेटे पर लाठी, पत्थर और साइकिल की चेन से हमला कर दिया. हमले में पिता प्रदीप पांडे की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर घायल है और उसे भोपाल रेफर किया गया है.

सागर में शादी के डांस को देखने को लेकर विवाद हुआ, जिसमें एक की मौत हो गई.
सागर. जिले में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक परिवार के लिए खुशी का मौका मातम में बदल गया. शादी में चल रहे डांस कार्यक्रम के दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही घंटों में खूनी हमले में बदल गया. आरोप है कि पांच लोगों ने मिलकर पिता और बेटे पर लाठी, पत्थर और साइकिल की चेन से हमला कर दिया. इस हमले में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक यह विवाद सिर्फ शादी में कुर्सी पर बैठने का नहीं था, बल्कि दोनों पक्षों के बीच पहले से चली आ रही पुरानी रंजिश भी इसमें सामने आई है. घायल युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है. वहीं पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बम्होरी तिराहा के पास हुई. बाग खैजरा रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में शादी समारोह के दौरान नाचने वाली डांसर्स का कार्यक्रम चल रहा था. उसी दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. बताया गया कि अनिल पांडेय और उसके परिजनों का विवाद प्रथम दुबे और बब्लू उर्फ रामअवतार पांडेय से हो गया. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा.
विवाद की खबर सुनकर पहुंचे पिता-पुत्र
कुछ देर बाद इस विवाद की जानकारी 40 वर्षीय प्रदीप पांडे और उनके बेटे रचित पांडेय को मिली. दोनों अपने गांव खैजरा बाग से बम्होरी तिराहा की ओर निकले. पिता और बेटा बाइक से आगे निकल गए जबकि परिवार के अन्य सदस्य पीछे आ रहे थे. रात करीब 12 बजे जब वे बम्होरी तिराहा के ओवरब्रिज के पास पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उन्हें रोक लिया. इसके बाद पुरानी रंजिश और शादी में हुए विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई.
डंडों और पत्थरों से बेरहमी से हमला
विवाद के दौरान आरोपियों ने प्रदीप और उनके बेटे रचित पर डंडों, पत्थरों और साइकिल की चेन से हमला कर दिया. दोनों को सड़क पर ही बुरी तरह पीटा गया. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और काफी देर तक सड़क किनारे पड़े रहे. इसी दौरान पीछे से आ रहे प्रदीप के भाई ने हमलावरों को देख लिया. आरोपियों ने उसे भी मारने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग गया.
अस्पताल में पिता की मौत
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता-पुत्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रदीप पांडे को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल रचित को पहले बीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया.
पुरानी चुनावी रंजिश भी आई सामने
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक ही गांव के रहने वाले हैं. सरपंच चुनाव के दौरान दोनों परिवारों के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा हुई थी. उसी समय से दोनों पक्षों में दुश्मनी चली आ रही थी. पुलिस का मानना है कि शादी में हुआ विवाद इस पुरानी रंजिश के कारण और ज्यादा बढ़ गया और मामला हिंसक हो गया.
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस ने बताया कि मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें