ऑस्कर 2026 में बड़ी अनदेखी, हॉलीवुड दिग्गजों को मिली श्रद्धांजलि, मगर धर्मेंद्र को भूल गया एकेडमी अवॉर्ड्स का मंच
नई दिल्ली. ऑस्कर 2026 के मंच पर इस साल भारतीय फैंस को बड़ी मायूसी हाथ लगी है. इन मेमोरियम सेगमेंट में दुनिया से विदा ले चुके सिनेमाई दिग्गजों को श्रद्धांजलि दी जाती है, लेकिन इस बार हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र को इसमें शामिल नहीं किया गया. दशकों तक ‘शोले’ और ‘चुपके-चुपके’ जैसी कालजयी फिल्मों से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले धर्मेंद्र की इस अनदेखी ने दुनियाभर के भारतीय दर्शकों को हैरान कर दिया है. सोशल मीडिया पर फैंस अपनी नाराजगी जता रहे हैं कि वैश्विक मंच पर भारतीय सिनेमा के इतने बड़े स्तंभ को सम्मान क्यों नहीं मिला.
हॉलीवुड दिग्गजों को मिली श्रद्धांजलि
ऑस्कर के मंच पर भले ही धर्मेंद्र को याद नहीं किया गया, लेकिन हॉलीवुड के कई दिवंगत दिग्गजों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. इस लिस्ट में दिग्गज एक्टर और फिल्ममेकर रॉबर्ट रेडफोर्ड, ‘एनी हॉल’ फेम डायने कीटन, और ‘शिट्स क्रीक’ की मशहूर एक्ट्रेस कैथरीन ओ’हारा जैसे बड़े नाम शामिल थे. इनके अलावा, जर्मन एक्टर उडो कीर, ‘व्हेन हैरी मेट सैली’ के डायरेक्टर रॉब रेनर, ‘द गॉडफादर’ के रॉबर्ट डुवॉल, ‘द फ्रेंच कनेक्शन’ के जीन हैकमैन और ‘टॉप गन’ फेम वैल किल्मर को भी समारोह के दौरान याद किया गया और सिनेमा में उनके योगदान को सराहा गया.
धर्मेंद्र ने भारतीय सिनेमा में दिया खास योगदान
भारतीय सिनेमा को संवारने में धर्मेंद्र का योगदान किसी मिसाल से कम नहीं है. 60 के दशक से अपना सफर शुरू करने वाले ही मैन ने एक्शन, ड्रामा और कॉमेडी, हर जॉनर में अपनी वर्सेटाइल एक्टिंग का लोहा मनवाया. ‘अनुपमा’, ‘फूल और पत्थर’ और ‘धरम वीर’ जैसी फिल्मों ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई.
कमर्शियल-पैरेलल सिनेमा में छोड़ी अमिट छाप
धर्मेंद्र ने कमर्शियल और पैरेलल सिनेमा, दोनों में अपनी छाप छोड़ी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने. इसके बावजूद, ऑस्कर के वैश्विक मंच पर इन मेमोरियम सेगमेंट में उन्हें जगह न मिलना उनके करोड़ों फैंस के लिए किसी झटके से कम नहीं है और सोशल मीडिया पर लोग अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं.
ऑस्कर के मंच पर इन सितारों को किया गया याद
कनाडा की स्टार रेचल मैकएडम्स ने कैथरीन ओ’हारा को याद करते हुए उन्हें एक बेमिसाल प्रतिभा बताया. साथ ही, उन्होंने डायने कीटन के बहुआयामी व्यक्तित्व को भी भावभीनी श्रद्धांजलि दी. जैसे ही स्क्रीन पर वैल किल्मर और रॉबर्ट डुवॉल की फिल्मों की झलकियां दिखाई गईं, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. इस भावुक पल का समापन तब हुआ जब बारबरा स्ट्रीसेंड ने अपने को-स्टार रॉबर्ट रेडफोर्ड को याद किया. उन्होंने रेडफोर्ड को एक इंटेलेक्चुअल काउबॉय कहा और फिल्म द वे वी वर का टाइटल ट्रैक भी गुनगुनाया.