मेहमानों को करना है इंप्रेस? बस दूध, फल और कस्टर्ड से मिनटों में बनाएं ये ठंडा-ठंडा क्रीमी डेजर्ट, नोट कर लें रेसिपी
Fruit Custard Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही कुछ ठंडा और मीठा खाने का मन अपने आप करने लगता है. ऐसे में अगर घर पर कोई ऐसी डिश बन जाए जो टेस्टी भी हो, हल्की भी लगे और बच्चों से लेकर बड़े तक सबको पसंद आए, तो मजा ही अलग होता है. फ्रूट कस्टर्ड उन्हीं डेजर्ट्स में से एक है जो गर्मियों में बहुत पसंद किया जाता है. इसका स्वाद क्रीमी होता है और इसमें डाले गए ताजे फल इसे और भी ज्यादा हेल्दी बना देते हैं. अच्छी बात यह है कि फ्रूट कस्टर्ड बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती. घर में मौजूद कुछ आसान चीजों से यह डिश मिनटों में तैयार हो सकती है, अगर अचानक घर में मेहमान आ जाएं या बच्चों को कुछ मीठा चाहिए हो, तो फ्रूट कस्टर्ड एक बढ़िया ऑप्शन बन जाता है.
इसमें दूध, कस्टर्ड पाउडर और अलग-अलग तरह के फल मिलकर ऐसा स्वाद देते हैं जो हर किसी को पसंद आता है, अगर आप भी घर पर जल्दी बनने वाला टेस्टी डेजर्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं फ्रूट कस्टर्ड बनाने का आसान तरीका.
फ्रूट कस्टर्ड बनाने के लिए सामग्री
-2 कप दूध
-4 टेबल स्पून चीनी (स्वाद के हिसाब से)
-3 टेबल स्पून कस्टर्ड पाउडर
-आधा चम्मच वैनिला एक्सट्रैक्ट
-कटे हुए फल (केला, सेब, अंगूर, अनार, आम आदि)
-चेरी
-बादाम और पिस्ता (कटे हुए)
फ्रूट कस्टर्ड बनाने की आसान विधि
1. दूध गरम करें
सबसे पहले एक पैन लें और उसमें दूध डालकर हल्का गरम करें. ध्यान रखें कि दूध को बहुत तेज उबालने की जरूरत नहीं है, बस हल्का गरम होना चाहिए.
2. दूध में चीनी मिलाएं
अब गरम दूध में चीनी डालें और चम्मच से अच्छी तरह मिलाएं ताकि चीनी पूरी तरह घुल जाए. इससे कस्टर्ड का स्वाद और अच्छा हो जाता है.
3. कस्टर्ड पाउडर का घोल तैयार करें
एक अलग बाउल लें और उसमें थोड़ा ठंडा दूध डालकर कस्टर्ड पाउडर मिलाएं. इसे अच्छी तरह घोलें ताकि इसमें गुठलियां न रहें. स्मूद घोल तैयार होना चाहिए.
4. दूध में कस्टर्ड मिक्स करें
अब इस कस्टर्ड वाले घोल को धीरे-धीरे गरम दूध में डालें. साथ ही चम्मच से लगातार चलाते रहें ताकि मिश्रण नीचे से चिपके नहीं.
5. हल्की आंच पर पकाएं
अब गैस को हल्का रखें और मिश्रण को पकने दें. इसी दौरान इसमें वैनिला एक्सट्रैक्ट डाल दें. कुछ मिनट में यह धीरे-धीरे गाढ़ा होने लगेगा.
6. ठंडा होने दें
जब कस्टर्ड अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तब गैस बंद कर दें. अब इसे कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें.
7. फल मिलाएं
कस्टर्ड ठंडा होने के बाद इसमें कटे हुए फल डालें. आप अपनी पसंद के हिसाब से कोई भी सीजनल फल इस्तेमाल कर सकते हैं.
8. ऊपर से ड्राई फ्रूट डालें
अब सर्व करने से पहले ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डाल दें. चाहें तो चेरी से भी सजावट कर सकते हैं.
फ्रूट कस्टर्ड को और स्वादिष्ट बनाने के टिप्स
-कस्टर्ड ठंडा होने के बाद ही फल डालें, इससे फल ताजे और क्रंची रहते हैं.
-अगर ज्यादा क्रीमी स्वाद चाहिए तो दूध थोड़ा ज्यादा ले सकते हैं.
-बच्चों को पसंद आए इसके लिए ऊपर से थोड़ी चॉकलेट चिप्स भी डाल सकते हैं.
-गर्मियों में इसे कुछ देर फ्रिज में रखकर ठंडा सर्व करें, स्वाद और बढ़ जाएगा.