15 साल का इंतजार…फिर शर्मनाक हार, बांग्लादेश ने 48वें ओवर में पलटा मैच, पाकिस्तान को औकात याद दिलाते हुए जीती सीरीज

Share to your loved once


होमखेलक्रिकेट

15 साल का इंतजार…फिर शर्मनाक हार, बांग्लादेश ने 48वें ओवर में पलटा मैच

Last Updated:

BAN vs PAK Highlights: सलमान अली आगा के संघर्षपूर्ण शतक और शाहीन अफरीदी की कोशिशों के बावजूद पाकिस्तान को ढाका में बांग्लादेश के हाथों 11 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ ही बांग्लादेश ने 2-1 से वनडे सीरीज अपने नाम कर ली. तंजीद हसन तमीम के रिकॉर्ड तोड़ शतक (7 छक्के) की बदौलत बांग्लादेश ने 290 रनों का स्कोर खड़ा किया था. पाकिस्तान का बांग्लादेश में सीरीज जीतने का 15 साल का इंतजार अब और बढ़ गया है.

15 साल का इंतजार...फिर शर्मनाक हार, बांग्लादेश ने 48वें ओवर में पलटा मैचZoom

तस्कीन अहमद ने 48वें ओवर में सलमान आगा को आउट कर मैच का पासा पलट दिया.

नई दिल्ली. तीसरे और निर्णायक वनडे में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 11 रनों से हराकर इतिहास रच दिया. शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में जीत के साथ ही बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार दूसरी वनडे सीरीज अपने नाम कर ली. पाकिस्तान के लिए यह हार बेहद चुभने वाली है, क्योंकि बांग्लादेश की धरती पर वनडे सीरीज जीतने का उनका 15 साल पुराना सूखा अब और लंबा हो गया है. सलमान अली आगा की जुझारू शतकीय पारी और कप्तान शाहीन अफरीदी की कोशिशें भी टीम को हार से नहीं बचा सकीं.

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत किसी सपने जैसी रही. सलामी बल्लेबाज सैफ हसन और तंजीद हसन तमीम ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर पाकिस्तानी गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया. तंजीद हसन इस मैच के असली हीरो साबित हुए. उन्होंने न सिर्फ अपने करियर का पहला वनडे शतक जड़ा, बल्कि सात गगनचुंबी छक्के लगाकर सौम्य सरकार का 11 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. तंजीद अब पाकिस्तान के खिलाफ एक वनडे पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए हैं. मध्यक्रम में नजमुल हुसैन शांतो (27) के आउट होने के बाद पारी थोड़ी धीमी हुई, लेकिन लिटन दास और तौहीद हृदय ने डेथ ओवर्स में समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को 290 रनों तक पहुंचाया.

तस्कीन अहमद ने 48वें ओवर में सलमान आगा को आउट कर मैच का पासा पलट दिया.

नाहिद और तस्कीन का कहर
291 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत किसी डरावने सपने जैसी रही. नाहिद राणा और तस्कीन अहमद की आग उगलती गेंदों ने मात्र 3 ओवर के भीतर पाकिस्तान का स्कोर 17/3 कर दिया. गाजी घोरी और अब्दुल समद ने 50 रनों की छोटी साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 82 रन तक पहुंचते-पहुंचते पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. उस वक्त ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेश यह मैच बेहद बड़े अंतर से जीतेगा.

सलमान आगा की दिलेरी और शाहीन का संघर्ष
जब जीत नामुमकिन लग रही थी, तब सलमान अली आगा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने पहले साद मसूद (79 रनों की साझेदारी) के साथ मिलकर टीम की उम्मीदें जगाईं. विकेट गिरने के बावजूद आगा ने आक्रामक रुख अपनाए रखा और एक शानदार शतक जड़कर पाकिस्तान को मैच में वापस ला खड़ा किया. अंत में कप्तान शाहीन अफरीदी ने भी बल्ले से दम दिखाया. जब 30 गेंदों में 45 रनों की जरूरत थी, तब पाकिस्तान जीत की ओर बढ़ता दिख रहा था. लेकिन 48वें ओवर में तस्कीन अहमद ने सलमान आगा का बड़ा विकेट लेकर मैच का पासा पलट दिया. आखिरी ओवर में 14 रनों की दरकार थी, लेकिन रिशाद हुसैन ने बेहद सधी हुई गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान को लक्ष्य से 11 रन दूर रोक दिया.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP