पशुओं को नहलाने और साफ रखने के सही तरीके

Share to your loved once


Last Updated:

गाय और भैंस जैसी दुधारू पशुओं की सेहत और दूध उत्पादन के लिए समय-समय पर उनकी सफाई बहुत जरूरी है. डॉ. अभिषेक मिश्रा के अनुसार, नहलाने के लिए हमेशा साफ और ताजा पानी का इस्तेमाल करें. गंदे या ठहरे हुए पानी से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है.

गोंडा. पशुओं की अच्छी सेहत और दूध उत्पादन के लिए उनकी साफ-सफाई का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है. खासकर गाय और भैंस जैसे दुधारू पशुओं को समय-समय पर नहलाना चाहिए. इससे उनके शरीर की गंदगी दूर होती है और कई तरह की बीमारियों से भी बचाव होता है. लेकिन पशुओं को नहलाते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना भी बहुत जरूरी है. अगर गलत तरीके से पशुओं को नहलाया जाए तो उन्हें फायदा होने की बजाय नुकसान भी हो सकता है. लोकल 18 से बातचीत के दौरान केवीके गोपालग्राम के पशुपालन वैज्ञानिक डॉ. अभिषेक मिश्रा बताते हैं कि पशुओं को नहलाने के लिए हमेशा साफ और ताजा पानी का ही इस्तेमाल करना चाहिए. गंदे या लंबे समय से ठहरे हुए पानी से पशुओं को नहलाने पर उनकी त्वचा में संक्रमण होने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए कोशिश करें कि हैंडपंप, टंकी या किसी साफ जल स्रोत का पानी ही इस्तेमाल किया जाए.

किन-किन बातों पर रख ध्यान

डॉ. अभिषेक मिश्रा बताते हैं कि पशुओं को नहलाने का सही समय भी बहुत मायने रखता है. गर्मी के मौसम में सुबह या शाम के समय पशुओं को नहलाना अच्छा रहता है. वहीं सर्दी के मौसम में बहुत ठंडे पानी से पशुओं को नहीं नहलाना चाहिए. अगर जरूरी हो तो हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है, ताकि पशुओं को ठंड न लगे. डॉ. अभिषेक मिश्रा के अनुसार पशुओं को नहलाते समय उनके पूरे शरीर को अच्छी तरह साफ करना चाहिए. खासकर गर्दन, पेट, पैरों और पूंछ के आसपास की जगह पर ज्यादा गंदगी जमा हो जाती है. इन हिस्सों को साफ करना जरूरी होता है. कई बार पशुओं के शरीर पर कीचड़ या गोबर चिपक जाता है, जिससे त्वचा संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं. इसलिए नहलाते समय ब्रश या हाथ से हल्के-हल्के रगड़कर शरीर की सफाई करनी चाहिए.

नहलाने के बाद क्या करना है जरूरी

डॉ. अभिषेक मिश्रा बताते हैं कि पशुओं को नहलाने के बाद उन्हें सूखने के लिए खुली और साफ जगह पर बांधना चाहिए. गीले शरीर के साथ उन्हें गंदी या कीचड़ वाली जगह पर नहीं बैठाना चाहिए. इससे दोबारा गंदगी लग सकती है और संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है. अगर धूप हो तो पशुओं को कुछ देर धूप में खड़ा रखना भी फायदेमंद रहता है. डॉ. अभिषेक मिश्रा यह भी बताते हैं कि बहुत तेज पानी की धार से पशुओं को नहीं नहलाना चाहिए. इससे पशु घबरा सकते हैं या उन्हें चोट भी लग सकती है. पानी धीरे-धीरे डालकर आराम से नहलाना चाहिए, ताकि पशु परेशान न हों. पशुओं की नियमित सफाई और सही तरीके से नहलाना उनकी सेहत के लिए बहुत जरूरी है. अगर पशुपालक इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें, तो पशु स्वस्थ रहेंगे और दूध उत्पादन भी बेहतर होगा. इससे पशुपालकों की आय बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है. डॉ. अभिषेक मिश्रा बताते हैं कि पशुओं को नहलाते समय उनके सिर पर पानी ना डालें, अगर पानी उनके कान में चला जाएगा तो इंफेक्शन होने की संभावना बढ़ जाती है इसलिए, नहलाते समय इन बातों का विशेष ध्यान रखें. उन्होंने बताया कि यदि आप तालाब में अपने पशुओं को नहलाते हैं तो उसके बाद अपने घर पर लाकर साफ पानी से एक बार जरूर नहलाए.

About the Author

Monali Paul

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP