गुरु के घर में होगा सूर्य शनि का आमना-सामना, 4 राशि वालों के लिए ठीक नहीं ये योग, जानें कल से क्या होगा?
Last Updated:
Meen Sankranti 2026: ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ग्रहों के राजा सूर्य 15 मार्च 2026 को कुंभ राशि से निकलकर मीन राशि में प्रवेश करेंगे, जिसे मीन संक्रांति कहा जाता है. खास ये कि मीन राशि में पहले से शनि देव विराजमान हैं, ऐसे में सूर्य और शनि की युति कुछ राशियों के जीवन मे संघर्ष लाएगी.
Surya Gochar March 2026: ग्रहों के राजा सूर्य राशि परिवर्तन करने जा रहे हैं. 15 मार्च 2026 को सूर्य कुंभ राशि से निकलकर मीन राशि में प्रवेश करेंगे. इस ग्रहीय घटना को मीन संक्रांति कहा जाएगा. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, यह गोचर कई राशियों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है, क्योंकि मीन राशि में पहले से ही शनि देव विराजमान हैं. ऐसे में सूर्य और शनि की युति बनने जा रही है, जिसे ज्योतिष में कुछ राशियों के लिए तनावपूर्ण और तो कुछ के लिए प्रभावशाली माना जा रहा है.
उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, सूर्य और शनि महत्वपूर्ण ग्रह हैं. इनमें पिता-पुत्र का संबंध भी है, लेकित इन पिता-पुत्र में मित्रता का भाव नहीं है. इसलिए इन दोनों ग्रहों का एक साथ आना कई लोगों के जीवन में तनाव, बाधाएं और संघर्ष की स्थितियां पैदा कर सकता है. ज्योतिषाचार्य ने 4 ऐसी राशियों का भविष्यफल बताया है, जिनको इस युति से हानि की संभावना बन रही है.
इन राशियों के लिए मीन संक्रांति ठीक नहीं!
मेष: सूर्य का यह गोचर इस राशि के लिए कुछ प्रतिकूल संकेत लेकर आ सकता है. जीवन में असंतुलन महसूस हो सकता है, विशेषकर मानसिक और भावनात्मक स्तर पर. जल्दबाजी में लिए गए फैसले नुकसानदेह साबित हो सकते हैं. इस समय किसी भी नए काम की शुरुआत करने से पहले भलीभांति विचार करें और अनुभवी लोगों की सलाह लेना बेहतर रहेगा.
सिंह: सूर्य के राशि परिवर्तन का प्रभाव इस राशि के जातकों के लिए थोड़ा कठिन साबित हो सकता है. इस दौरान आर्थिक स्थिति पर दबाव महसूस हो सकता है और रुके हुए कामों की वजह से मानसिक तनाव बढ़ सकता है. कार्यक्षेत्र में भी परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल नहीं रहेंगी. नौकरीपेशा लोगों को सहकर्मियों का विरोध या काम का अतिरिक्त दबाव झेलना पड़ सकता है. ऐसे समय में धैर्य और समझदारी से काम लेना जरूरी होगा. साथ ही स्वास्थ्य के मामले में भी सावधानी बरतें, क्योंकि छोटी लापरवाही परेशानी बढ़ा सकती है.
धनु: सूर्य का यह गोचर इस राशि के लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण संकेत दे सकता है. कामकाज में रुकावटें आ सकती हैं और मन किसी भी कार्य में पूरी तरह नहीं लग पाएगा. इसके कारण मानसिक तनाव, बेचैनी और उदासी महसूस हो सकती है. घर का माहौल भी कुछ समय के लिए अशांत रह सकता है, जबकि कार्यस्थल पर उत्साह में कमी देखने को मिल सकती है. ऐसे समय में विवादों से दूर रहना और धैर्य व संयम के साथ परिस्थितियों का सामना करना ही बेहतर रहेगा.
कुंभ: सूर्य और शनि की यह युति से इस राशि के जातक पर दुखों का पहाड़ टूट सकता है. यह परिवर्तन चिंता बढ़ाने वाला साबित हो सकता है. स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां सामने आ सकती हैं और खर्चों में अचानक बढ़ोतरी होगी. व्यापार या निवेश से जुड़े फैसलों में विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है क्योंकि आर्थिक हानि की संभावना बन रही है. सोच-समझकर कदम उठाना ही इस समय सबसे बेहतर उपाय रहेगा.
इन उपायों से मिलेगी राहत
जिन राशियों पर ग्रहों का नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है, उन्हें इससे बचाव के लिए विशेष उपाय करने चाहिए. रोज सुबह सूर्यदेव की विधि-विधान से पूजा करें और उगते सूर्य को जल अर्पित करें. साथ ही सूर्य मंत्रों का श्रद्धा से जाप करना शुभ माना जाता है. जरूरतमंद और गरीब लोगों को अनाज का दान करने से भी कष्ट कम होते हैं और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी, राशि-धर्म और शास्त्रों के आधार पर ज्योतिषाचार्य और आचार्यों से बात करके लिखी गई है. किसी भी घटना-दुर्घटना या लाभ-हानि महज संयोग है. ज्योतिषाचार्यों की जानकारी सर्वहित में है. बताई गई किसी भी बात का Local-18 व्यक्तिगत समर्थन नहीं करता है.