Fruit Custard Recipe । बिना चीनी और बिना कस्टर्ड पाउडर के बनाएं गाढ़ा और मलाईदार फ्रूट कस्टर्ड

Share to your loved once


Fruit Custard Recipe: घर में जब भी मीठा खाने का मन होता है तो अक्सर लोग ऐसी चीजें बनाते हैं जिनमें चीनी काफी ज्यादा होती है. लेकिन आजकल बहुत से लोग अपनी सेहत को लेकर जागरूक हो गए हैं और कोशिश करते हैं कि खाने में कम से कम रिफाइंड चीनी का इस्तेमाल करें. खासकर बच्चों के लिए हेल्दी मिठाई बनाना हर मां की इच्छा होती है. ऐसे में फ्रूट कस्टर्ड एक ऐसा डेजर्ट है जो स्वादिष्ट भी होता है और पोषण से भरपूर भी. आमतौर पर लोग कस्टर्ड पाउडर और चीनी डालकर कस्टर्ड बनाते हैं, लेकिन आप चाहें तो इसे बिना चीनी और बिना कस्टर्ड पाउडर के भी बना सकते हैं. इस खास रेसिपी में दूध को गाढ़ा करने के लिए ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे कस्टर्ड का स्वाद और भी रिच और मलाईदार हो जाता है.

ड्राई फ्रूट्स से बना कस्टर्ड न सिर्फ स्वाद में शानदार होता है बल्कि इसमें पोषण भी भरपूर होता है. इसमें फलों की मिठास और शहद की हल्की मिठास मिलकर ऐसा स्वाद देती है जिसे बच्चे और बड़े दोनों पसंद करते हैं.

ड्राई फ्रूट्स से बनेगा कस्टर्ड का गाढ़ा बेस
इस खास फ्रूट कस्टर्ड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कस्टर्ड पाउडर की जरूरत नहीं होती. दूध को गाढ़ा और क्रीमी बनाने के लिए मखाना, बादाम और काजू का इस्तेमाल किया जाता है. ये तीनों चीजें जब दूध में भीगकर पीस दी जाती हैं तो एक बेहद मलाईदार पेस्ट तैयार होता है. यही पेस्ट कस्टर्ड का बेस बन जाता है. इससे कस्टर्ड का टेक्सचर बहुत स्मूद और क्रीमी बनता है. साथ ही ड्राई फ्रूट्स के कारण इसमें प्रोटीन, हेल्दी फैट और कई जरूरी पोषक तत्व भी मिल जाते हैं.

फलों की वजह से मिलता है नेचुरल स्वाद
फ्रूट कस्टर्ड का असली मजा इसमें डाले गए ताजे फलों से आता है. इसमें आप अपनी पसंद के कई तरह के फल डाल सकते हैं. जैसे सेब, केला, अंगूर, चीकू या अनार. अलग अलग फलों का स्वाद जब क्रीमी कस्टर्ड के साथ मिलता है तो यह डेजर्ट और भी टेस्टी हो जाता है. फलों की वजह से इसमें प्राकृतिक मिठास भी मिल जाती है जिससे अलग से ज्यादा चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ती. यही वजह है कि यह कस्टर्ड हेल्दी भी माना जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

कस्टर्ड बनाने की आसान तैयारी
सबसे पहले एक कटोरे में एक कप मखाना, आधा कप बादाम और आधा कप काजू निकाल लें. अब इसमें एक कप गुनगुना दूध डाल दें ताकि ड्राई फ्रूट्स अच्छे से भीग जाएं. इसी दूध में केसर के कुछ धागे डाल दें जिससे कस्टर्ड का रंग और खुशबू दोनों बेहतर हो जाएं. अब स्वाद के अनुसार इसमें थोड़ा सा शहद मिला लें. शहद इस कस्टर्ड में चीनी की जगह काम करता है और इसे हल्की प्राकृतिक मिठास देता है.

ड्राई फ्रूट्स को पीसकर बनाएं क्रीमी पेस्ट
ड्राई फ्रूट्स को लगभग पंद्रह से बीस मिनट तक दूध में भीगने दें. इससे मखाना, बादाम और काजू नरम हो जाते हैं और आसानी से पीस जाते हैं. अब इस मिश्रण को मिक्सर में डालकर अच्छी तरह पीस लें. पीसने के बाद एक गाढ़ा और क्रीमी पेस्ट तैयार हो जाएगा. यही पेस्ट आपके कस्टर्ड को गाढ़ा और मलाईदार बनाता है.

फलों के साथ मिलाकर बनाएं स्वादिष्ट कस्टर्ड
अब एक बड़े बर्तन में कटे हुए फल डाल लें. इसमें सेब, अंगूर, केला, चीकू और अनार के दाने डाल सकते हैं. अब इन फलों के ऊपर तैयार किया हुआ ड्राई फ्रूट्स वाला क्रीमी पेस्ट डाल दें. सभी चीजों को धीरे धीरे अच्छी तरह मिला लें ताकि हर फल पर कस्टर्ड की कोटिंग हो जाए. ऊपर से गार्निश करने के लिए थोड़ा सा कटे हुए पिस्ता और अनार के दाने डाल सकते हैं.

ठंडा करने के बाद और भी स्वादिष्ट लगेगा
जब कस्टर्ड पूरी तरह तैयार हो जाए तो इसे लगभग एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. ठंडा होने के बाद इसका स्वाद और भी ज्यादा अच्छा लगता है. जब आप इसे सर्व करेंगे तो इसका गाढ़ा, क्रीमी और ठंडा स्वाद हर किसी को पसंद आएगा. यह एक ऐसा डेजर्ट है जिसे बच्चे भी बड़े चाव से खाते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP