कमल हासन-रति अग्निहोत्री का 45 साल पुराना गाना, 75 फिल्मों के नाम से हुआ तैयार, लिफ्ट में हुई पूरी शूटिंग
नई दिल्ली: साल 1981 की यादगार फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ का एक सदाबहार रोमांटिक गाना है, जिसे गीतकार आनंद बख्शी ने 75 फिल्मों का नाम इस्तेमाल करके तैयार किया था. कमल हासन और रति अग्निहोत्री पर फिल्माया गाना एक लिफ्ट में शूट हुआ था. दोनों की केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया था. हम गाने- ‘मेरे जीवन साथी प्यार किए जा’ की बात कर रहे हैं. यह गीत दो लोगों के बीच गहरे प्यार, अटूट विश्वास और जीवन भर साथ निभाने के वादे को बेहद खूबसूरती से बयां करता है. दिल को छू लेने वाले बोल और रूहानी संगीत के साथ यह गाना रोमांस, तड़प की भावनाओं को समेटे हुए है. यह सच्चे प्यार की मासूमियत और उसकी इंटेंसिटी को दर्शाता है, जिसमें जीवन की हर चुनौती में एक-दूसरे का साथ देने पर जोर दिया गया है. फिल्म के संगीत ने इसकी भावुकता को और भी निखारा है, जिससे यह फिल्म के सबसे यादगार रोमांटिक गानों में से एक बन गई है. गाने को लता मंगेशकर और एसपी बालसुब्रमण्यम ने अपनी सुरीली आवाजों से सजाया है, जो गाने में एक अलग गहराई और भावनात्मक मिठास पैदा करती है.