चावल के आटे में चिकन की बोटियां, दो पत्तों के बीच तवे पर सिंकाई, कभी नहीं भूलेंगे झारखंडी चिकन झील पीठा का स्वाद

Share to your loved once


Last Updated:

Jharkhandi Chicken Pitha Recipe: झारखंड की पारंपरिक डिश चिकन झील पीठा गांवों में खास मौकों पर बनाया जाता है और आदिवासी इसे बड़े शौक से खाते हैं. देसी मसालों से तैयार यह डिश स्वादिष्ट तो होती ही है साथ ही कम तेल मसाले में बनने के कारण सेहत के लिए भी बढ़िया मानी जाती है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. झारखंड की पारंपरिक खानपान संस्कृति बहुत ही समृद्ध और स्वादिष्ट मानी जाती है. यहां कई ऐसे देसी व्यंजन बनाए जाते हैं, जो स्वाद के साथ-साथ परंपरा की भी पहचान होते हैं. उन्हीं खास व्यंजनों में से एक है झारखंडी चिकन झील पीठा. यह डिश खासतौर पर गांवों में या खास मौकों पर बनाई जाती है. इसमें देसी मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद बेहद लाजवाब हो जाता है. चिकन और पीठा का यह अनोखा मेल लोगों को बहुत पसंद आता है.

पहले तैयार होता है पीठा
इस रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले पीठा तैयार किया जाता है. इसके लिए चावल के आटे की जरूरत होती है. एक बर्तन में पानी को हल्का गर्म कर लें और उसमें थोड़ा सा नमक डाल दें. अब धीरे-धीरे उसमें चावल का आटा डालते हुए उसे अच्छे से गूंथ लें, ताकि एक मुलायम आटा तैयार हो जाए. इसके बाद आटे से छोटे-छोटे गोले बनाकर उन्हें हल्का चपटा कर लें. यही पीठा होता है, जिसे बाद में चिकन डालकर पकाया जाता है.

इस तरह बनाएं चिकन
अब चिकन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होती है. सबसे पहले एक कढ़ाई या देगची को गैस पर रखें और उसमें सरसों का तेल डालकर गर्म करें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए तो उसमें जीरा, तेज पत्ता और सूखी लाल मिर्च डाल दें. इससे मसालों की खुशबू निकलने लगेगी. इसके बाद बारीक कटा हुआ प्याज डालकर उसे हल्का सुनहरा होने तक भूनें.

अब इसमें अदरक, लहसुन, साबुत धनिया और थोड़ा सा जीरा पीसकर तैयार किया हुआ मसाला डालें. इस मसाले को कुछ देर तक भूनें, ताकि इसका कच्चापन खत्म हो जाए. इसके बाद हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर मसाले को अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें साफ किया हुआ चिकन डालें और मसाले के साथ अच्छी तरह चलाते हुए कुछ देर तक पकाएं.

पीठा डालने के बाद ज्यादा ना चलाएं
जब चिकन मसाले के साथ अच्छी तरह मिल जाए और थोड़ा पकने लगे, तब इसमें थोड़ा पानी डाल दें. अब चिकन बनकर तैयार है. चावल के पीठा का आटा लगाते समय इसी चिकन को ग्रेवी के साथ आटे में डाला जाता है और फिर पानी डालकर पीठा बनाया जाता है. इसे पत्तों के बीच में सील करके तवे पर सेंका जाता है. एक पीठा 15 मिनट में तैयार होता है, पत्ता जल जाता है और पीठा तैयार हो जाता है.

हरी धनिया से सजा दें
अंत में ऊपर से थोड़ा सा हरा धनिया डालकर इसे सजाएं. अब आपका स्वादिष्ट झारखंडी चिकन झील पीठा पूरी तरह तैयार है. इसे गरमा-गरम परोसने पर इसका स्वाद और भी ज्यादा बढ़ जाता है. यह पारंपरिक डिश झारखंड की देसी रसोई का एक खास उदाहरण है, जिसे एक बार खाने के बाद लोग इसका स्वाद लंबे समय तक नहीं भूलते.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP