How long is cooked chicken good in the fridge | फ्रिज में रखा चिकन कितने दिनों तक खा सकते हैं
Last Updated:
Chicken Storage Tips: अक्सर रात के डिनर में बचा हुआ चिकन हम अगले दिन लंच के लिए बड़े चाव से फ्रिज में रख देते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कम तापमान में रखने के बावजूद चिकन में बैक्टीरिया पनप सकते हैं? फूड सेफ्टी एक्सपर्ट्स की मानें तो पका हुआ चिकन फ्रिज में रखने की एक निश्चित समय सीमा और प्रक्रिया होती है. अगर आप इसे गलत तरीके से स्टोर करते हैं या जरूरत से ज्यादा बार दोबारा गर्म करते हैं, तो इसमें ‘साल्मोनेला’ और ‘कैम्पिलोबैक्टर’ जैसे बैक्टीरिया पैदा हो सकते हैं जो गंभीर पेट दर्द और उल्टी की वजह बनते हैं. आइए फूड एक्सपर्ट से जानते हैं कि एक बार पकाया हुआ चिकन फ्रिज में रखने के बाद कब तक खा सकते हैं.
पकाने के बाद बचा हुआ चिकन फ्रिज में रखना हम सबकी आदत है. जब दोबारा खाने का मन करता है तो उसे बाहर निकालकर गर्म करके खाते हैं. लेकिन क्या एक बार पकाया हुआ चिकन फ्रिज में रखकर खाना सही है? ये सवाल बहुत लोगों को होता है. आखिर ये चिकन कितने दिनों तक फ्रिज में सुरक्षित रहता है? इसे कैसे स्टोर करना चाहिए? पकाया हुआ चिकन फ्रिज में रखने से अच्छा रहता है या खराब हो जाता है? इन सब सवालों के जवाब जानते हैं.
यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर, सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन, और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक पकाया हुआ चिकन ज्यादा दिनों तक फ्रिज में रखना सही नहीं है. फ्रिज में रखने से बैक्टीरिया की ग्रोथ धीमी हो सकती है, लेकिन पूरी तरह से रुकती नहीं है. कुछ माइक्रोब्स ठंडे माहौल में भी धीरे-धीरे बढ़ते रहते हैं. ग्रिल या रोस्ट किया हुआ चिकन अगर ज्यादा दिनों तक फ्रिज में रखा जाए तो उसमें बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं.
कितने दिन तक स्टोर कर सकते हैं? फ्रिज में 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम तापमान पर 3 से 4 दिन तक सुरक्षित तरीके से स्टोर कर सकते हैं. अगर यह समय पार हो जाए या फ्रिज की कूलिंग ठीक न हो तो चिकन खराब होने का खतरा ज्यादा होता है. ऐसे में फूड सेफ्टी एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि खराब चिकन को इस्तेमाल न करें और फेंक दें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर चिकन फ्रिज में ज्यादा समय तक रखा जाए तो क्या होता है? फ्रिज में चिकन को ज्यादा दिन तक रखने से धीरे-धीरे खतरनाक बैक्टीरिया बन सकते हैं. इसमें सलमोनेला, कैंपिलोबैक्टर, क्लोस्ट्रीडियम पेरफ्रिंजेंस जैसे बैक्टीरिया सेहत के लिए नुकसानदायक होते हैं. चिकन की स्मेल या स्वाद में कोई फर्क न दिखे, लेकिन अंदर से इसका असर ज्यादा हो सकता है.
कैसे स्टोर करें? फूड सेफ्टी संस्थाएं कहती हैं कि फ्रिज में रखने का तरीका ही तय करता है कि चिकन कितने समय तक सुरक्षित रहेगा. इंटरनेशनल फूड सेफ्टी गाइडलाइंस के मुताबिक, पकाया हुआ खाना 2 घंटे के अंदर फ्रिज में रखना चाहिए. अगर आसपास का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा है तो 1 घंटे के अंदर फ्रिज में रखना जरूरी है. चिकन को एयरटाइट कंटेनर या अच्छी तरह से बंद पैकेजिंग में स्टोर करें. इससे नमी बनी रहती है और बैक्टीरिया की ग्रोथ कम होती है.
फ्रिज का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से कम रखना चाहिए. एक ही बर्तन में ज्यादा चिकन स्टोर करने के बजाय छोटे-छोटे हिस्सों में अलग-अलग बर्तन में रखें, इससे वो जल्दी ठंडा हो जाएगा और बैक्टीरिया बढ़ने से बचेंगे.
अगर ये संकेत दिखें तो? कई बार फ्रिज में रखा चिकन की स्मेल बदल जाती है. अगर उसमें खराब या खट्टी गंध आए तो समझ लें कि वो खराब हो रहा है. साथ ही, चिकन ज्यादा चिपचिपा हो जाए तो इसका मतलब उसमें बैक्टीरिया बढ़ रहा है. ऊपर से अगर चिकन पर फफूंदी दिखे या उसका रंग हरा हो जाए तो वो खराब हो चुका है. अगर चिकन ठीक लगे तो उसे गर्म करके खाएं. कम से कम 72 डिग्री सेल्सियस तापमान पर गर्म करें, इससे चिकन में मौजूद बैक्टीरिया मर जाते हैं. ऐसे में चिकन खाने से कोई दिक्कत नहीं होगी.