Blessing Muzarabani KKR: IPL के लिए PSL को मारी लात, क्या बॉश की तरह मुजरबानी पर भी एक्शन लेगा PCB?
Last Updated:
Blessing Muzarabani Pakistan Super League: जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेलते नजर आएंगे. मुजरबानी ने आईपीएल में खेलने का मौका पाने के लिए अपना पीएसएल कॉन्ट्रैक्ट छोड़ दिया है. पिछले महीने पाकिस्तान सुपर लीग के ऑक्शन में इस खिलाड़ी को किसी ने नहीं खरीदा था, लेकिन बाद में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने शमार जोसेफ की जगह उन्हें सीधे तौर पर अपनी टीम में शामिल कर लिया था.

क्या कॉर्बिन बॉश की तरह मुजरबानी पर भी लगेगा बैन?
नई दिल्ली. कोलकाता नाइटराइडर्स ने आईपीएल 2026 से पहले घोषणा की कि जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी उनके लिए खेलते नजर आएंगे. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कमाल की गेंदबाजी करने वाले इस ऊंचे कद के पेसर ने पाकिस्तान सुपर लीग को छोड़कर आईपीएल खेलने के फैसला किया है. ब्लेसिंग मुजरबानी पाकिस्तान सुपर लीग की टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड का हिस्सा थे, लेकिन आगामी 17 मार्च को वह अब केकेआर से जुड़कर आईपीएल की तैयारियां शुरू कर देंगे. बड़ा सवाल यह है कि क्या ब्लेसिंग मुजरबानी पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पीएसएल कॉन्ट्रैक्ट को छोड़कर आईपीएल टीम से जुड़ने पर कोई एक्शन लेगा?
दरअसल, यह पहला मौका नहीं है, जब किसी खिलाड़ी ने पाकिस्तान सुपर लीग कॉन्ट्रैक्ट छोड़कर आईपीएल में खेलने का फैसला किया है. 2025 आईपीएल में साउथ अफ्रीकी क्रिकेटर कॉर्बिन बॉश ने पेशावर जाल्मी टीम का साथ छोड़कर आईपीएल में मुंबई इंडियंस से जुड़ गए थे. हालांकि, इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक्शन लेते हुए बॉश पर पीएसएल से एक साल का बैन लगा दिया था. अब देखना यह होगा कि क्या मुजरबानी के साथ भी ऐसा ही होता है.
क्या कॉर्बिन बॉश की तरह मुजरबानी पर भी लगेगा बैन?
ऑक्शन में अनसोल्ड, PSL में हुई डायरेक्ट एंट्री
बता दें कि मुजरबानी पिछले महीने हुए पीएसएल ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे, लेकिन बाद में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने वेस्टइंडीज के शमार जोसेफ की जगह उन्हें सीधे तौर पर अपनी टीम में शामिल कर लिया था. मुजरबानी भारत और श्रीलंका की मेजबानी में हाल ही में खत्म हुए वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब फिर से भारत लौटेंगे. इस टूर्नामेंट में उन्होंने अपनी टीम को सुपर-8 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. टूर्नामेंट में खेले 6 मैचों में मुजरबानी ने 13 विकेट लिए थे. उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती के ही नाम रहे, जिन्होंने 14-14 विकेट चटकाए.
6 फीट 8 इंच लंबे इस मुजरबानी ने 2017 में डेब्यू करने के बाद से जिम्बाब्वे के लिए सभी फॉर्मेट में गेंदबाजी की है. 89 T20I मैचों में, मुजरबानी ने 106 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट 7.24 है. मुजरबानी ने T20 टूर्नामेंट्स में अपनी तेज गेंदबाजी का हुनर दुनिया भर में दिखाया है. वह CPL, ILT20, PSL और यहां तक कि इंग्लैंड में Vitality Blast में भी खेल चुके हैं. यह किसी IPL टीम के साथ मुजरबानी का दूसरा कार्यकाल है. आईपीएल 2025 के आखिरी स्टेज में वह चैंपियन बनी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में जुड़े थे.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें