हैदराबाद में हाथ से बनी सेवइयों की धूम, शीर खुरमा के लिए कारीगरों की मेहनत रंग लाई – News18 हिंदी
EidulFitr 2026 : ईद-उल-फितर 2026 की आहट के साथ ही निजामों के शहर हैदराबाद के बाजारों में रौनक बढ़ गई है. खास तौर पर शीर खुरमा के लिए इस्तेमाल होने वाली हाथ से बनी सेवइयों की मांग इस बार तेजी से बढ़ी है. दूध, खजूर और सूखे मेवों से बनने वाला शीर खुरमा ईद के जश्न का अहम हिस्सा माना जाता है और मेहमाननवाजी की पहचान भी है. पुराने शहर के कई परिवार पीढ़ियों से इस पारंपरिक कला को जिंदा रखे हुए हैं. चदरघाट इलाके के कारीगर महीनों पहले से बारीक सेवइयां तैयार करने में जुट जाते हैं. कारीगर सलीम खान के मुताबिक हाथ से सेवइयां बनाना एक हुनर है, जिसमें धैर्य और अनुभव दोनों जरूरी होते हैं. हाथ से बनी सेवइयां दूध में डालने पर अपना आकार और कुरकुरापन बनाए रखती हैं, जिससे शीर खुरमा का स्वाद बढ़ जाता है. बेहतर गुणवत्ता के कारण इनकी कीमत मशीन से बनी सेवइयों से कई गुना ज्यादा होती है. रमजान में इनकी बिक्री चरम पर पहुंच जाती है.
