जब रसोई में छौंका जाए देसी स्टाइल देहाती चिकन, खुशबू सूंघते आ जाएं पड़ोसी! दालचीनी-इलायची का कमाल, स्वाद बेमिसाल
Last Updated:
Dehati Style Chicken Recipe: देहाती स्टाइल में बना चिकन खाने में बेहद स्वादिष्ट होता है. इसमें सारा खेल मसालों को भूनने और धैर्य रखने का है. सरसों के तेल में धीमी आंच पर पहले मसाले भूनें, फिर चिकन को भी भूनें और लहसुन की कलियां डालें. इससे और दालचीनी से एक अलग ही स्वाद मिलता है.
जमशेदपुर. जो लोग नॉनवेज खाना पसंद करते हैं, उनके लिए चिकन सबसे पसंदीदा डिश में से एक होता है. चिकन की कई तरह की रेसिपी बनाई जाती हैं, जैसे बटर चिकन, कड़ाही चिकन, चिकन करी या तंदूरी चिकन. लेकिन अगर आप असली देसी स्वाद लेना चाहते हैं, तो देहाती स्टाइल में बना चिकन एक अलग ही टेस्ट देता है. गांवों में बनने वाला देहाती चिकन मसालों की खुशबू और देसी तरीके की वजह से बहुत स्वादिष्ट होता है. आज हम आपको घर पर ही आसान तरीके से देसी स्टाइल देहाती चिकन बनाने की रेसिपी बता रहे हैं. एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे.
सरसों के तेल के इस्तेमाल से बढ़ेगी खुशबू
सबसे पहले एक कढ़ाई को गैस पर रखकर अच्छी तरह गर्म कर लें. जब कढ़ाई गर्म हो जाए तो उसमें सरसों का तेल डालें. देहाती चिकन में सरसों के तेल का इस्तेमाल किया जाता है क्योंकि इससे स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए तो उसमें जीरा, सूखी लाल मिर्च और तेज पत्ता डाल दें. इससे मसालों की खुशबू निकलने लगती है. इसके बाद इसमें कटा हुआ प्याज डालें और उसे हल्का सुनहरा यानी गोल्डन ब्राउन होने तक भूनें.
मसाले से आता है असली स्वाद
अब देहाती चिकन का खास मसाला तैयार करना होता है. इसके लिए लहसुन, अदरक, साबुत जीरा, साबुत धनिया और थोड़ी सी काली मिर्च को एक साथ पीस लें. यह मसाला देहाती चिकन का असली स्वाद देता है. जब कढ़ाई में प्याज अच्छी तरह भुन जाए तो इसमें तैयार किया हुआ मसाला डाल दें और कुछ देर तक इसे भूनते रहें, ताकि मसाले की खुशबू अच्छी तरह से निकल आए.
अब है चिकन डालने की बारी
इसके बाद एक कटोरे में थोड़ा पानी लें और उसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर और धनिया पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस मसाले वाले पानी को कढ़ाई में डाल दें और लगातार चलाते रहें, ताकि मसाला अच्छी तरह पक जाए और जले नहीं. जब मसाला तेल छोड़ने लगे, तब इसमें साफ किया हुआ चिकन डाल दें और मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाते हुए चलाएं.
साबुत लहसुन की कलियां डालें
अब इसमें कुछ साबुत लहसुन की कलियां डालें. इसके साथ दालचीनी, छोटी इलायची और बड़ी इलायची भी डाल दें. ये सभी साबुत मसाले चिकन के स्वाद को और भी बेहतर बना देते हैं. अब इसमें स्वाद के अनुसार नमक डालें और चिकन को मसाले के साथ अच्छी तरह पकने दें. कुछ देर बाद चिकन धीरे-धीरे गलने लगेगा और मसाला भी गाढ़ा हो जाएगा.
ऊपर से डालें ताजा धनिया
जब चिकन पूरी तरह पक जाए और मसाला अच्छी तरह से उसमें मिल जाए, तब गैस बंद कर दें. आखिर में ऊपर से ताजा हरा धनिया डालकर इसे सजाएं. अब आपका देसी स्टाइल देहाती चिकन पूरी तरह तैयार है. इसे आप गरमा-गरम चावल, रोटी या पराठे के साथ खा सकते हैं. इसका देसी स्वाद हर किसी को जरूर पसंद आएगा.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें