ऐतिहासिक शुरुआत करने वाली है ‘धुरंधर 2’, कितनी होगी कमाई? तरण आदर्श-कोमल नाहटा के साथ EXCLUSIVE बातचीत
नई दिल्ली. बॉलीवुड के इतिहास में कुछ ऐसी फिल्में हैं जो न सिर्फ मनोरंजन करती हैं, बल्कि इंडस्ट्री के लिए नए स्टैंडर्ड भी तय करती हैं. 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ कुछ ऐसे ही कमाल का संकेत दे रही है. रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज अभिनेताओं से सजी यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है, लेकिन पेड प्रिव्यू 18 मार्च को ही होगा. दर्शकों और ट्रेड जगत में इस फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह है. वहीं, News18 Hindi के साथ एक खास बातचीत में देश के दो सबसे जाने-माने ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श और कोमल नाहटा ने फिल्म की संभावित कमाई के आंकड़े साझा किए. अगर ये अनुमान सही साबित होते हैं, तो यह फिल्म हिंदी सिनेमा के लिए एक नई बेंच मार्क तय करेगी.
तरण आदर्श का अनुमान
बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों पर अपनी सटीक पकड़ के लिए जाने जाने वाले ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने खास बातचीत के दौरान फिल्म की ऐतिहासिक शुरुआत का संकेत दिया. तरण के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ को लेकर दर्शकों में ऐसा क्रेज है जैसा पहले किसी भी हिंदी फिल्म के लिए कभी नहीं देखा गया. तरण आदर्श के अनुसार, ‘फिल्म ने सिर्फ ‘पेड प्रीव्यू’ के जरिए ही अपनी ताकत दिखाना शुरू कर दिया है. अब तक सिर्फ इन प्रीव्यू से ही लगभग 40–45 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है. यह एक ऐसा आंकड़ा है जिसे हासिल करने के लिए कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को भी अपने असली ओपनिंग डे पर काफी मशक्कत करनी पड़ती है. जब फिल्म के लिए पूरी तरह से एडवांस बुकिंग शुरू होगी, तो मेरा अनुमान है कि यह अपने पहले दिन 80 से 90 करोड़ रुपये का कलेक्शन करेगी.’
कोमल नाहटा का नजरिया
जहां तरण आदर्श ने ओपनिंग डे के प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित किया, वहीं जाने-माने ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा ने फिल्म के ‘नेट कलेक्शन (इंडिया)’ पर अपने विचार साझा किए. कोमल नाहटा का मानना है कि ‘धुरंधर 2’ अपने पिछले भाग की तुलना में कहीं ज्यादा बड़े पैमाने पर बनी है और इसकी कमाई की क्षमता भी उतनी ही जबरदस्त है. उनके अनुसार, ‘फिल्म का कंटेंट और पैमाना पहले भाग से कई गुना ज्यादा बड़ा है. जिस तरह का क्रेज ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने पैदा किया है, उसे देखते हुए भारत में इसका नेट कलेक्शन 800 करोड़ रुपये पार कर सकता है.’
बता दें, ‘धुरंधर 2’ की संभावित सफलता के पीछे सिर्फ एक मशहूर नाम ही नहीं, बल्कि कई ठोस कारण हैं. ‘धुरंधर’ के पहले भाग ने दर्शकों के साथ एक मजबूत भावनात्मक जुड़ाव बनाया था. ‘द रिवेंज’ के साथ लोग यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि कहानी आगे कैसे बढ़ती है. वहीं, फिल्म एक लंबे छुट्टी वाले वीकेंड पर रिलीज हो रही है, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि इसे बॉक्स ऑफिस पर बिना किसी रोक-टोक के चलने का मौका मिले, जिससे इसकी कमाई के आंकड़ों में तेजी से बढ़ोतरी होगी.
खतरे में पुराने रिकॉर्ड
अगर हम मौजूदा रिकॉर्ड्स पर नजर डालें, तो ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘गदर 2’ जैसी फिल्में ही अब तक 500-600 करोड़ के क्लब में जगह बना पाई हैं. हालांकि, जिस रफ्तार से ‘धुरंधर 2’ आगे बढ़ रही है, उससे इंडियन बॉक्स ऑफिस के सारे समीकरण पूरी तरह से बदलने वाले हैं. तरण आदर्श और कोमल नाहटा एक बात पर पूरी तरह सहमत हैं कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ सिर्फ एक फिल्म नहीं है, यह बॉक्स ऑफिस पर आने वाला एक तूफान है. सिर्फ पेड प्रीव्यू से 45 करोड़ रुपये का कलेक्शन इस बात का सबूत है कि दर्शक बड़ी संख्या में सिनेमाघरों में उमड़ने के लिए तैयार हैं.