अब बिजली का बिल आएगा जीरो, सोलर पैनल लगवाने पर सरकार दे रही सब्सिडी और बिना ब्याज लोन..यहां जानिए कैसे क्या है करना

Share to your loved once


अंबाला: आज महंगाई के दौर में हर व्यक्ति चाहता है कि उसके घर का बिजली बिल कम आए और वह अपने परिवार के साथ खुशी-खुशी जीवन बिता सके. दरअसल, देशभर में इसी उद्देश्य को लेकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की गई थी और अभी तक देश के कई हिस्सों में घरेलू बिजली व्यवस्था में यह योजना बड़ा बदलाव ला चुकी है.

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना

मिली जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक देशभर में लगभग 7.7 लाख से अधिक घरों का बिजली बिल कम हो चुका है. योजना के अंतर्गत और भी घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं. बता दें कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत साल 2024 में की गई थी और इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सस्ती व स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना तथा घरेलू बिजली खर्च को कम करना था.

क्या है आंकड़ा

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 5 मार्च 2026 तक देशभर में 25,02,217 घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं. यह आंकड़ा महज एक संख्या नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों के बिजली बिल जीरो होने की शुरुआत है. भारत सरकार ने इस मिशन को सफल बनाने के लिए तिजोरी खोल दी है. वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक 14,585.29 करोड़ रुपए इस योजना पर खर्च किए जा चुके हैं. पिछले साल यह खर्च करीब 7,822 करोड़ रुपए था, जो दिखाता है कि योजना की रफ्तार दोगुनी हो चुकी है.

सरकार ने जोड़ी एक नई स्कीम

वहीं, इस योजना के लक्ष्य को पूरा करने के लिए अब सरकार ने इसमें एक नई स्कीम भी जोड़ दी है, जिसका नाम सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजना (SUPY) है और इसका लाभ बिजली उपभोक्ताओं को काफी ज्यादा मिलने वाला है.

इस बारे में लोकल 18 को जानकारी देते हुए अंबाला शहर बिजली विभाग के एक्सईएन (XEN) हरीश कुमार गोयल ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2024 में की थी और देशभर में एक करोड़ सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया था. उन्होंने बताया कि इस योजना में हरियाणा राज्य के पहले एक लाख उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिया जाएगा, जिसमें पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर लाभ मिलेगा.

50,000 रुपए की सब्सिडी

उन्होंने कहा कि इस योजना में जो बिजली उपभोक्ता 2 किलोवाट श्रेणी में हैं और जिनकी फैमिली आईडी में सालाना आय 1,80,000 रुपए तक है, उन्हें राज्य सरकार की ओर से 50,000 रुपए की सब्सिडी दी जा रही है. वहीं केंद्र सरकार की ओर से 78,000 रुपए की सब्सिडी सोलर पैनल लगाने पर दी जा रही है.

उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं की फैमिली आईडी में सालाना आय 1,80,000 से 3 लाख रुपए के बीच है, उन्हें केंद्र सरकार की ओर से इस योजना के तहत 78,000 रुपए की सब्सिडी दी जा रही है. उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अंबाला सर्कल में वर्ष 2025-26 के लिए बिजली विभाग ने 4322 सोलर कनेक्शन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसमें 1138 कनेक्शन अभी बाकी हैं. अब लोगों को जानकारी देने के लिए खुला दरबार लगाया जा रहा है, ताकि मार्च के आखिरी महीने तक यह लक्ष्य पूरा किया जा सके.

बिना ब्याज लोन की सुविधा

उन्होंने बताया कि सरकार ने सोलर पैनल का लक्ष्य पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजना शुरू की है, जिसमें सोलर पैनल लगाने के लिए बिजली उपभोक्ताओं को बिना ब्याज (इंटरेस्ट-फ्री) लोन की सुविधा दी जा रही है.

उन्होंने कहा कि इस स्कीम में जिस भी बिजली उपभोक्ता ने लगातार 3 साल तक नियमित रूप से बिजली का बिल भरा है, उसे 5 किलोवाट तक सोलर पैनल लगाने के लिए बिना ब्याज का लोन दिया जाएगा. इस योजना के तहत 1 किलोवाट पर 19,500 रुपए का बिना ब्याज लोन मिलेगा और 3 किलोवाट पर 58,500 रुपए तक का लोन लिया जा सकता है. इसके साथ ही केंद्र सरकार की योजना के तहत 78,000 रुपए की सब्सिडी भी मिलेगी.

कैसे उठाएं स्कीम का लाभ

उन्होंने बताया कि इस स्कीम का लाभ लेने के लिए कोई भी बिजली उपभोक्ता सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजना के पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकता है. जैसे ही उपभोक्ता इस स्कीम के लिए आवेदन करेगा, बिजली विभाग की ओर से बिना ब्याज के लोन का चेक उपभोक्ता को दिया जाएगा और केंद्र सरकार की योजना के तहत 78,000 रुपए की सब्सिडी सीधे उपभोक्ता के खाते में आ जाएगी.

उन्होंने बताया कि इस बिना ब्याज के लोन की राशि बिजली उपभोक्ता के बिजली बिल के माध्यम से 2 साल में 12 किस्तों में बिजली निगम द्वारा ली जाएगी. इससे बिजली उपभोक्ता के घर पर सोलर पैनल भी लग जाएगा, उसे सब्सिडी का लाभ भी मिलेगा और बिजली का बिल भी लगभग जीरो हो जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP