वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में डेब्यू जल्द… इस सीरीज के जरिए सीनियर टीम में मिल सकता है मौका
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के लिए साल 2026 किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होने वाला है. टी20 वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक जीत के बाद अब टीम इंडिया का कैलेंडर इतना बिजी हो गया है कि भारतीय बोर्ड को एक साथ दो अलग-अलग टीमें मैदान पर उतारनी पड़ सकती हैं. जून से लेकर अक्टूबर तक टीम इंडिया बिना रुके मैदान पर होगी, जिसमें आयरलैंड से लेकर जिम्बाब्वे तक के नए दौरे जुड़ सकते हैं. युवा सनसनी बिहार के वैभव सूर्यवंशी इस साल टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं. वैभव ने पिछले कुछ समय से इंडिया अंडर 19 के लिए शानदार प्रदर्शन किया है. उन्हें इस साल के आखिर में एशियाई खेलों में मौका मिल सकता है.
मौजूदा शेड्यूल के मुताबिक भारत को जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे खेलने हैं, जिसके तुरंत बाद जुलाई में इंग्लैंड का सफेद गेंद दौरा (5 टी20, 3 वनडे) प्रस्तावित है. लेकिन क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक इस बिजी शेड्यूल के बीच दो नए दौरे जुड़ सकते हैं:
वैभव सूर्यवंशी जल्द कर सकते हैं टीम इंडिया में डेब्यू.
आयरलैंड दौरा: इंग्लैंड पहुंचने से पहले भारत डबलिन में तीन टी20 मैचों की छोटी सीरीज खेल सकता है.
श्रीलंका सीरीज: श्रीलंका क्रिकेट ने पिछले साल आए चक्रवात ‘दित्वह’ से हुए नुकसान की भरपाई (फंडरेजर) के लिए भारत से दो टेस्ट मैचों से पहले तीन अतिरिक्त टी20 मैच खेलने का अनुरोध किया है.
सितंबर का घमासान: एक साथ तीन मोर्चे
सितंबर का महीना भारतीय चयनकर्ताओं के लिए सिरदर्द साबित हो सकता है. एक तरफ वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर होगी (3 वनडे, 5 टी20), वहीं दूसरी तरफ भारत को यूएई में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है. इसी दौरान जापान के नगोया में 2026 एशियाई खेल (25 सितंबर -3 अक्टूबर) भी होने हैं. चूंकि भारत डिफेंडिंग चैंपियन है, इसलिए वहां स्वर्ण पदक बचाने के लिए एक मजबूत टीम भेजनी होगी. इसके अलावा जिम्बाब्वे के साथ भी तीन टी20 मैचों की बातचीत चल रही है. ऐसे में पूरी संभावना है कि भारत को एक ही समय पर दो अलग-अलग स्क्वाड मैदान पर उतारने पड़ें.
वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या पर नजरें
टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद अब भारतीय टीम का प्राथमिक लक्ष्य 2027 वनडे वर्ल्ड कप है. ऐसे में टी20 सीरीज (श्रीलंका, जिम्बाब्वे, आयरलैंड) और एशियाई खेलों में सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है. यह स्थिति वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या जैसे उभरते सितारों के लिए ‘गोल्डन चांस’ साबित हो सकती है.
वैभव सूर्यवंशी: बिहार के इस युवा सनसनी ने अपनी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है.
प्रियांश आर्या: घरेलू क्रिकेट और टी20 फॉर्मेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर प्रियांश भी डेब्यू की कतार में हैं. इन युवा खिलाड़ियों के लिए आईपीएल का प्रदर्शन टीम इंडिया के दरवाजे खोलने की चाबी साबित होगा.
साल का अंत: न्यूजीलैंड और बांग्लादेश की चुनौती
अक्टूबर के मध्य से भारत न्यूजीलैंड के लंबे दौरे पर जाएगा, जिसमें 5 वनडे, 5 टी20 और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे. इसके अलावा बांग्लादेश के साथ भी 3 वनडे और 3 टी20 की सीरीज प्रस्तावित है, हालांकि बढ़ते कूटनीतिक तनाव के कारण इस पर अभी अंतिम मुहर लगना बाकी है.