west indies south africa: अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते फंसी दो टीमें घर के लिए रवाना, आईसीसी ने दिया अपडेट
Last Updated:
South Africa West Indies Cricket: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने कन्फर्म कर दिया है कि वेस्ट इंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों का आखिरी जत्था अब अपने घर के लिए रवाना हो गया है. इन खिलाड़ियों की वापसी की उड़ानें मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण देरी से चल रही थीं. दोनों टीमों के कई खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर जल्द घर लौटने की इच्छा भी जाहिर की थी.

वेस्टइंडीज-साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों का आखिरी जत्था रवाना.
दुबई. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने गुरुवार को बताया कि टी20 विश्व कप के बाद भारत में फंसे दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों का आखिरी समूह भी अपने देश लौट गया है, जिससे पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण खाड़ी देशों के हवाई क्षेत्र के बंद होने से आई परेशानी खत्म हो गई है. खाड़ी क्षेत्र में युद्ध के चलते भारत में टी20 विश्व कप खेलने आई टीमों का कार्यक्रम बिगड़ गया था. इसी वजह से दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम कोलकाता में फंस गई थी, क्योंकि दुबई जैसे बड़े हवाई अड्डे और हवाई क्षेत्र बंद कर दिए गए थे.
वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप के अपने आखिरी मैच क्रमशः एक मार्च और चार मार्च को कोलकाता में खेले थे. वेस्टइंडीज के नौ खिलाड़ी इस हफ्ते की शुरुआत में ही अपने देश लौट गए थे, जबकि बाकी 16 खिलाड़ियों के लिए वाणिज्यिक उड़ानों की बुकिंग हो गई थी. दक्षिण अफ्रीका की टीम के 29 सदस्य भी अपने देश लौट गए हैं. आईसीसी ने बयान में कहा, ‘पिछले 24 घंटों में दक्षिण अफ्रीका की टीम के बाकी 29 सदस्य और वेस्टइंडीज की टीम के अंतिम 16 सदस्य अपने-अपने देशों के लिए रवाना हो गए हैं, जिससे चुनौतीपूर्ण वैश्विक यात्रा परिस्थितियों के कारण पैदा हुई एक जटिल प्रक्रिया का अंत हो गया है.’
वेस्टइंडीज-साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों का आखिरी जत्था रवाना.
आईसीसी ने कहा, ‘हमारा एकमात्र लक्ष्य सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना था. इस दौरान परिस्थितियों के हिसाब से कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा लेकिन आईसीसी ने परिचालन संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए सरकारों, एयरलाइनों, चार्टर्ड विमान प्रदाताओं, हवाई अड्डा प्राधिकरणों और सदस्य बोर्डों के साथ लगातार काम किया.’
आईसीसी को इससे पहले खिलाड़ियों के लिए यात्रा व्यवस्था नहीं करने के कारण इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और दक्षिण अफ्रीका के स्टार खिलाड़ी क्विंटन डीकॉक और डेविड मिलर की आलोचना का सामना करना पड़ा था. मिलर ने कहा था कि इंग्लैंड के खिलाड़ियों को बेहतर यात्रा व्यवस्था दी गई थी क्योंकि वे सेमीफाइनल से बाहर होने के एक दिन के अंदर ही अपने देश लौट गए थे. इससे पहले वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने भी आईसीसी से कोई अपडेट नहीं मिलने पर निराशा जताई थी.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें