बिहार में राज्यसभा की पांच सीटें पर उम्मीदवार छह, सबसे अधिक धनवान आरजेडी के कैंडिडेट, जानिए सबसे गरीब कौन

Share to your loved once


पटना. बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए 16 मार्च 2026 को चुनाव होने हैं और इसके लिए छह उम्मीदवार मैदान में हैं. राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए के पांच और महागठबंधन की ओर से एक उम्मीदवार ने नामांकन भरा है. एनडीए की ओर से जेडीयू के नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर, बीजेपी के नितिन नवीन और शिवेश कुमार तथा आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा मैदान में हैं. वहीं, आरजेडी ने अमरेंद्र धारी सिंह को उम्मीदवार बनाया है. सभी उम्मीदवारों ने अपने चुनावी हलफनामे में चल और अचल संपत्ति, नकद राशि, बैंक जमा, गाड़ियों और आय का विवरण दिया है और उनकी संपत्ति के ब्योरे सामने आए हैं. इन दस्तावेजों के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में उम्मीदवारों की आर्थिक प्रोफाइल भी चर्चा का विषय बन गई है.

सबसे अमीर उम्मीदवार हैं अमरेंद्र धारी सिंह

आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह सबसे अमीर हैं. उनकी कुल संपत्ति 243 करोड़ रुपये है. चल संपत्ति 206.98 करोड़ और अचल संपत्ति 36.03 करोड़ है. नकद राशि 4.5 लाख रुपये है. सोना 43.20 ग्राम और चांदी 5 किलोग्राम है. दो गाड़ियां हैं- टोयोटा और हुंडई वेन्यू. बता दें कि अमरेंद्र धारी सिंह कारोबारी हैं और मौजूदा राज्यसभा सदस्य भी हैं. उनको आरजेडी ने दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए टिकट दिया है. चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनकी संपत्ति अन्य उम्मीदवारों से कई गुना ज्यादा है.

नीतीश कुमार के पास सबसे कम संपत्ति

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुल संपत्ति 1.66 करोड़ रुपये है. चल संपत्ति 17.91 लाख और अचल संपत्ति 1.48 करोड़ है. दिल्ली के द्वारका में 1000 वर्ग फुट का फ्लैट है. इसे उन्होंने 2004 में 13.78 लाख में खरीदा था. उनके पास नकद 20,552 रुपये हैं. ज्वेलरी में 20 ग्राम सोने की अंगूठी और मोती वाली चांदी की अंगूठी है. इनकी कीमत 2.37 लाख है. गाड़ी फोर्ड इकोस्पोर्ट है जो 2015 में 11.32 लाख में खरीदी थी. सालाना आय 7.87 लाख है. राज्यसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में नीतीश कुमार को सबसे गरीब उम्मीदवार कहा जा रहा है.

रामनाथ ठाकुर की घोषित कुल संपत्ति

जदयू के ही रामनाथ ठाकुर की कुल संपत्ति 3.12 करोड़ है. चल संपत्ति 1.64 करोड़ और अचल 1.48 करोड़ और नकद 1.26 लाख रुपये हैं. रामनाथ ठाकुर की सालाना आय 35.77 लाख है. बता दें कि रामनाथ ठाकुर मौजूदा राज्यसभा सदस्य हैं और केंद्रीय मंत्री हैं. वे तीसरी बार राज्यसभा चुनाव लड़ रहे हैं. उनके हलफनामे में कोई विशेष ज्वेलरी या ज्यादा गाड़ियों का जिक्र नहीं है. चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनकी संपत्ति मध्यम स्तर की है.

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की संपत्ति

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की चल संपत्ति 1.16 करोड़ है. पत्नी की चल संपत्ति 84 लाख और अचल 1.47 करोड़ है. नकद 55,000 रुपये हैं. बैंक में 62 लाख जमा हैं. गाड़ियां स्कॉर्पियो और इनोवा क्रिस्टा हैं. उनके ऊपर 32 लाख का कर्ज है. उनकी कुल संपत्ति परिवार सहित लगभग 3 करोड़ है. बता दें कि नितिन नवीन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और वर्तमान में पटना के बांकीपुर से विधायक हैं. वे बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं.

शिवेश कुमार राम की संपत्ति का विवरण

भारतीय जनता पार्टी के दूसरे उम्मीदवार शिवेश कुमार राम की चल संपत्ति 98 लाख और अचल 2.72 करोड़ है. उनके पास नकद 2.24 लाख रुपये हैं और बैंक में 24 लाख जमा हैं. गाड़ियां स्कॉर्पियो, मारुति कार और इनोवा क्रिस्टा हैं. उनकी सालाना आय 24.35 लाख है, जबकि पत्नी की आय 6.57 लाख है. उनके ऊपर 12.20 लाख का कर्ज है. बता दें कि शिवेश कुमार पूर्व विधायक हैं और रविदास समुदाय से हैं. यह उनकी राज्यसभा में पहली कोशिश है.

उपेंद्र कुशवाहा के पास कुल कितनी संपत्ति?

उपेंद्र कुशवाहा की चल संपत्ति 44.94 लाख और अचल 35 लाख है. कुल लगभग 80 लाख है. नकद 70,000 रुपये हैं. सोना 10 ग्राम है. गाड़ी टोयोटा कार है. कुशवाहा आरएलएम के प्रमुख हैं और दूसरी बार राज्यसभा जा रहे हैं. उनकी संपत्ति अन्य एनडीए उम्मीदवारों से कम है. कुशवाहा कुशवाह समुदाय के नेता हैं.

बिहार में बदला-बदला सा चुनाव का माहौल

यहां यह भी बता दें कि बीते वर्षों में बिहार में राज्यसभा चुनाव आमतौर पर बिना वोटिंग होते हैं. लेकिन पांच सीटों पर इस बार छह उम्मीदवार होने से राजनीतिक रूप से रोमांच है. आरजेडी ने अमरेंद्र को उतारा है. विधानसभा में एनडीए के बहुमत के बीच चुनाव का नतीजा किस दिशा में जाएगा, इस पर सबकी नजर है. साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की संभावना ने बिहार में अगले मुख्यमंत्री को लेकर भी अटकलों का दौर तेज कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP