New Zealand announce squad for T20I series: भारत से फाइनल हारने के बाद न्यूजीलैंड के 8 खिलाड़ी बाहर, साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम का ऐलान
नई दिल्ली. भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार के भुलकर न्यूजीलैंड की टीम अब अगली सीरीज खेलने उतरेगी. साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर में होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है. 15 मार्च से इसकी शुरुआत होगी. कप्तान मिचेल सैंटनर पहले तीन टी20 मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे. इसके बाद टॉम लैथम बाकी दो टी20 मैचों में कप्तानी संभालेंगे.
कैटेने क्लार्क, निक केली और जेडन लेनॉक्स को पहली बार टी20 टीम में जगह मिली है. क्लार्क और लेनॉक्स को आखिरी दो वनडे के लिए चुना गया है, जबकि केली को इससे पहले डेब्यू करने का मौका मिल सकता है. पूर्व कप्तान केन विलियमसन के कजिन डेन क्लेवर को भी टीम में जगह मिली है. वह डेवोन कॉनवे की जगह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 8 खिलाड़ियों को आराम
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज खेलने के लिए चुनी गई टीम में टिम सिफर्ट, फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मैट हेनरी और जैकब डफी जैसे खिलाड़ी शामिल नहीं हैं. ये सारे ही खिलाड़ी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हिस्सा थे. इन खिलाड़ियों में से कई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में भी हिस्सा लेंगे. उन्हें आराम दिया गया है.
चयनकर्ता गेविन लार्सन ने कहा, ‘इस टीम का चयन करते समय हमें व्यावहारिक होना पड़ा. हमारे पास अलग-अलग स्किल सेट्स में अच्छी गहराई है, जिससे हमें कुछ खिलाड़ियों को आराम देने और नए चेहरों को मौका देने का मौका मिला. यह कई खिलाड़ियों के लिए टी20 टीम में अपनी जगह पक्की करने का बेहतरीन मौका है, क्योंकि हम एक नए वर्ल्ड कप साइकिल की शुरुआत कर रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा. ‘पिछले कुछ महीने खिलाड़ियों के लिए काफी व्यस्त रहे हैं. साउथ अफ्रीका सीरीज के बाद अप्रैल-मई में बांग्लादेश का दौरा करना है. इस दौरान IPL और PSL के मुकाबले होंगे. ऐसे में खिलाड़ियों को फिट और तरोताजा रखना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.’
न्यूजीलैंड टी20 टीम बनाम साउथ अफ्रीका
मिचेल सैंटनर (कप्तान) (तीन मैच), कैटेने क्लार्क (आखिरी दो मैच), जोश क्लार्कसन, डेन क्लेवर (विकेटकीपर) (आखिरी दो मैच), डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर) (पहले तीन मैच), लॉकी फर्ग्यूसन (दूसरा और तीसरा मैच), जैक फॉल्क्स, बेवन जैकब्स, काइल जैमीसन, निक केली, टॉम लैथम (कप्तान) (आखिरी दो मैच), जेडन लेनॉक्स (आखिरी दो मैच), कोल मैककोंची, जिम्मी नीशम, टिम रॉबिन्सन, बेन सीयर्स, नाथन स्मिथ, ईश सोढ़ी.