बुलेट ट्रेन से जुड़ेगा नोएडा का जेवर एयरपोर्ट, दिल्ली-वाराणसी रूट पर नोएडा में बनेंगे दो अंडर ग्राउंड स्टेशन
Last Updated:
Bullet Train Project: अभी तक सवाल था कि आखिर दिल्ली वाले जेवर तक कैसे आसानी से पहुंचें. अब इसके लिए सरकार ने बुलेट ट्रेन चलाने का फैसला लिया है. इसके लिए नोएडा एयरपोर्ट को बुलेट ट्रेन परियोजना से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है. एयरपोर्ट के पास भूमिगत स्टेशन बनेगा, जिससे दिल्ली से एयरपोर्ट का सफर 20 मिनट में पूरा होगा.

जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट.
नोएडा: दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए एक खुशखबरी है. अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो जाएगा. न ट्रैफिक का झंझट रहेगा और न ही लंबा सफर. दरअसल, दिल्ली और नोएडा एयरपोर्ट के बीच बुलेट ट्रेन के रफ्तार भरने पर काम हो रहा है. इससे आप दिल्ली से सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यानी जेवर एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे. नोएडा एयरपोर्ट को बुलेट ट्रेन परियोजना से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है.
नेशनल हाई-स्पीड रेल कारपोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) के अधिकारी मंगलवार को यमुना प्राधिकरण के मुख्यालय पहुंचे. इस दौरान एयरपोर्ट के पास स्टेशन बनाने के लिए जमीन की उपलब्धता, यात्री क्षमता और डिजाइन पर बातचीत हुई. अधिकारियों की मानें तो बुलेट ट्रेन के लिए एयरपोर्ट के पास भूमिगत स्टेशन बनाए जाना सही माना जा रहा है.
अधिकारियों का कहना है कि जेवर एयरपोर्ट को दिल्ली से वाराणसी तक प्रस्तावित हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन से जोड़ा जाना है. इसकी डीपीआर बनाने की प्रक्रिया चल रही है. इसके एलाइनमेंट को तय करने के लिए मंगलवार को एनएचएसआरसीएल की टीम यमुना प्राधिकरण पहुंची थी. एनएचएसआरसीएल के प्रिंसिपल चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता ने इस दौरान सीईओ राकेश कुमार सिंह और एसीईओ शैलेंद्र भाटिया से मुलाकात की. प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ उनकी तकनीकी टीम ने भी बुलेट ट्रेन के इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने के लिए अपनी जरूरत को शेयर किया.
दो अंडर ग्राउंड स्टेशन बनेंगे
एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि नोएडा में दो अंडर ग्राउंड स्टेशन बनाए जाने की योजना है. इसमें एक नोएडा के सेक्टर-148 में होगा जोकि ग्रेटर नोएडा के भी नजदीक रहेगा. दूसरा स्टेशन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास जेवर में बनाया जाएगा. इस स्टेशन को नोएडा एयरपोर्ट के ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर (जीटीसी) में भूमिगत बनाने की योजना पर सहमति बनी है. एयरपोर्ट के जीटीसी पर पहले से ही मेट्रो व नमो भारत का भूमिगत स्टेशन प्रस्तावित है. रेलवे की ओर से इसी जगह से चोला और रुंधी तक रेलवे ट्रैक से नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ा जाना है. इस पूरी योजना की जानकारी भी साझा कर दी गई है जिससे डिजाइन में सुविधा मिल सके. इसका फायदा यह होगा कि जब बुलेट ट्रेन का भूमिगत स्टेशन बनाया जाए, तो पहले से प्रस्तावित या निर्माणाधीन परियोजनाएं प्रभावित नहीं होंगीं.
20 मिनट में दिल्ली से एयरपोर्ट पहुंचाएगी ट्रेन
अधिकारियों का कहना है कि बुलेट ट्रेन परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली के सराय काले खां से नोएडा एयरपोर्ट का 70 किलोमीटर का सफर करीब 20 मिनट में पूरा हो जाएगा. अधिकांश भाग इसका एलिवेटेड रहेगा. नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच इसे एक्सप्रेसवे के सेंट्रल वर्ज पर बनाया जाना प्रस्तावित है. इसके बाद यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए एयरपोर्ट तक एलाइनमेंट बनाया जाएगा. इससे नोएडा एयरपोर्ट हाईस्पीड ट्रेन से सीधे जुड़ने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन जाएगा. यह दिल्ली-नोएडा के लाखों यात्रियों के लिए राहत का बड़ा साधन बनने जा रहा है.
About the Author
Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें