Success Story: फ्रूट चाट स्टॉल ने बदल दी जिंदगी… पटना की रिकम बनीं मिसाल, हर दिन कर रही 2000-3000 की कमाई

Share to your loved once


पटना : अगर ठान लिया जाए तो कोई भी काम मुश्किल नहीं होता है. इसी सोच के साथ पटना की रिकम शर्मा आत्मनिर्भर बनने की राह पर निकल चुकी हैं. कभी रिकम एक कोचिंग संस्थान में मामूली वेतन पर कॉलिंग का काम करती थी. नौकरी करते-करते जब उन्हें महसूस हुआ कि सीमित सैलरी से अपने सपनों को उड़ान देना मुश्किल है तो उन्होंने आत्मनिर्भर बनने का फैसला किया. जेब में ज्यादा पैसे नहीं थे, लेकिन हौसला बड़ा था.

उन्होंने महज 6000 रुपये से फ्रूट चाट का छोटा सा स्टॉल लगाया. शुरुआत भले ही छोटी थी, लेकिन मेहनत और स्वाद ने ऐसा रंग दिखाया कि आज उसी स्टॉल से हर दिन करीब 2000 से 3000 रुपये की बिक्री हो रही है. दूर-दूर से लोग आते हैं. फ्रूट चाट खाते हैं और वीडियो भी बनाते हैं. सोशल मीडिया पर रिकम का वीडियो तेजी से वायरल हो जाता है. आपको जानकर हैरानी होगी कि इस स्टार्टअप को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन कम समय में ही यह लोगों के बीच काफी फेमस हो गया है.

जानें क्या है रिकम शर्मा फ्रूट चाट शॉप की खासियत

अपने स्टार्टअप के बारे में रिकम शर्मा बताती हैं कि यह उनका फ्रूट चाट का छोटा सा स्टॉल है. जहां वह अलग-अलग फलों को काटकर उन्हें मिक्स करती हैं और ऊपर से हल्का शहद डालकर लोगों को परोसती हैं. पटना में आम तौर पर फ्रूट चाट प्लेट में दिया जाता है, लेकिन रिकम इसे डोम शेप वाले ढक्कन लगे प्लास्टिक कप में देती हैं. इससे खाने वाले को काफी आसानी होती है और पैक होने की वजह से फल धूल-मिट्टी से भी सुरक्षित रहते हैं. यूं कहें तो इसकी पैकेजिंग से काफी फैंसी लुक नजर आता है.

उनके पास एक आइस बॉक्स भी रहता है. इसमें ऐसे कई फ्रूट चाट से भरे कप रखे जाते हैं. ताकि फलों की ताजगी बनी रहे. यहां दो तरह के कप मिलते हैं. एक कप की कीमत 30 रुपये है. जबकि बड़े कप की कीमत 40 रुपये है. कप के साइज के हिसाब से ही दाम तय किया गया है. इस फ्रूट चाट में पपीता, अमरूद, अनार, सेब, तरबूज, केला सहित कई तरह के ताजे फल मिक्स कर बनाएं जाते हैं.

6000 में स्टार्टअप शुरू

रिकम शर्मा ने अपना यह स्टार्टअप मात्र 6000 रुपये में शुरू किया है. वह बताती हैं कि जब उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ी थी. उस समय उनके पास ज्यादा सेविंग नहीं थी. अपना कुछ शुरू करने के बारे में सोचते समय उन्हें यह आइडिया आया कि आजकल लोग हेल्दी खाना काफी पसंद कर रहे हैं. इसी वजह से उन्होंने फ्रूट चाट का स्टॉल लगाने का फैसला किया. अपना स्टॉल लगाने के लिए उन्होंने कंकड़बाग स्थित जय प्रभा मेदांता हॉस्पिटल के सामने की लोकेशन चुनी. इसके पीछे उनकी सोच थी कि अस्पताल में आने वाले लोग भी हेल्दी खाना पसंद करेंगे. साथ ही इस इलाके में कई जिम भी हैं. इसलिए जिम जाने वाले लोग भी फ्रूट चाट जरूर पसंद करेंगे.

रिकम का यह आइडिया काम कर गया. आज वह हर दिन करीब 2 से 3 हजार रुपये की बिक्री कर रही हैं. वह अपने स्टॉल और फ्रूट चाट के वीडियो खुद बनाकर सोशल मीडिया पर भी डालती हैं. कई लोग उनका वीडियो देखकर फ्रूट चाट का स्वाद लेने के लिए स्टॉल तक पहुंच रहे हैं.

औरतों को भी कर रहीं है मोटिवेट

रिकम बताती हैं कि मेरा मकसद उन बेटियों को मोटिवेट करना है, जो घर में बैठी हैं और कुछ करने का मन तो बनाती हैं, लेकिन परिवार और समाज के डर से अपने सपनों को दबा देती हैं. वह कहती हैं कि मेरी कोशिश है कि कम से कम कुछ लोग उन्हें देखकर आगे आएं और आत्मनिर्भर बनने की राह पर कदम बढ़ाएं.
शुरुआती दिनों में मुश्किलें जरूर आती हैं, लेकिन समय के साथ सब ठीक हो जाता है.

रिकम बताती हैं कि उनके कुछ रिश्तेदार आज भी उनके इस काम से नाराज हैं, लेकिन उन्हें अपने पति का भरपूर सहयोग मिला है. इस वजह से वह यह काम कर पा रही हैं. इसी तरह हर किसी के जीवन में भी कोई न कोई ऐसा जरूर मिलेगा, जो सपोर्ट करेगा और हिम्मत बढ़ाएगा. इसलिए डरने के बजाय अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP