Chana Chaat Recipe | High Protein Snack for Iftar | चना मसाला चाट बनाने की विधि | हेल्दी चाट रेसिपी |
Last Updated:
Healthy Chana Chaat Recipe: रमजान के मुकद्दस महीने में दिनभर के रोजे के बाद इफ्तार के दस्तरख्वान पर कुछ ऐसा होना चाहिए जो न केवल जुबान का स्वाद बढ़ाए, बल्कि शरीर को तुरंत एनर्जी भी दे. अगर आप भी इफ्तारी के लिए कम समय में कुछ पौष्टिक और चटपटा बनाना चाहते हैं, तो देहरादून की मुनीजा की यह स्पेशल चना चाट आपके लिए बेहतरीन विकल्प है. बिना किसी भारी तामझाम के, किचन में मौजूद बेसिक चीजों से तैयार होने वाली यह प्रोटीन-रिच डिश न केवल सेहतमंद है, बल्कि मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है.
Chana Chaat Recipe: रमजान के पाक महीने में इफ्तारी की तैयारी करना किसी बड़ी जिम्मेदारी से कम नहीं होता. अक्सर घर की महिलाएं कुछ ऐसा बनाने की कोशिश करती हैं जो हल्का भी हो और शरीर की दिनभर की थकान को दूर करने के लिए पोषण से भरपूर भी हो. ऐसे में चना मसाला चाट एक ऐसा विकल्प है जो न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि प्रोटीन और फाइबर का एक बेहतरीन स्रोत भी है. देहरादून की निवासी मुनीजा बताती हैं कि इफ्तार के लिए अगर घर में बहुत ज्यादा चीजें मौजूद न हों, तो भी आप सिर्फ 10 मिनट में शानदार डिश तैयार कर सकते हैं. इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को खूब पसंद आती है. आइए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी.
10 मिनट में ऐसे तैयार करें चना मसाला चाट
देहरादून निवासी मुनीजा ने बताया कि चना मसाला चाट बनाने का आसान तरीका है. अगर आपके पास पहले से उबले हुए चने या डिब्बाबंद छोले मौजूद हैं, तो यह डिश मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है. उन्होंने कहा कि सबसे पहले काले चनों को अच्छी तरह साफ करके धो लें और कुकर में करीब 5 सीटी लगाकर उबाल लें. उबलने के बाद चनों का अतिरिक्त पानी छानकर अलग कर लें. चने में फाइबर और प्रोटीन मौजूद होते हैं. उन्होंने कहा कि तड़के और मसालों का कॉम्बिनेशन इस चाट के स्वाद को बढ़ा देता है.
चाट बनाने का तरीका
आप एक कढ़ाई में थोड़ा तेल गर्म करके उसमें जीरा चटकाएं, फिर कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, लहसुन और अदरक का पेस्ट डालकर भूनें. इसमें टमाटर के साथ हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और एक चुटकी हींग मिलाएं. जब मसाला धीमी आंच पर पककर अपना रंग बदलने लगे और खुशबू छोड़ने लगे, तब उबले हुए चने इसमें डालकर अच्छी तरह मिला लें ताकि हर दाने पर मसालों की कोटिंग हो जाए. डिफरेंट टेस्ट लाने के लिए आप इसमें उबले हुए आलू, खजूर-इमली की खट्टी-मीठी चटनी और हरी धनिया की तीखी चटनी भी मिला सकते हैं. ऊपर से चाट मसाला पाउडर छिड़कने से इसमें एक खास ‘टैंगी’ फ्लेवर आता है. अगर आप इसे बच्चों के लंच बॉक्स के लिए बना रहे हैं, तो मिर्च की मात्रा कम रखकर इसे और अधिक पौष्टिक बना सकते हैं. यह डिश जितनी दिखने में रंगीन लगती है, खाने में उतनी ही टेस्टी और हेल्दी होती है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें