मूली कद्दूकस करने की झंझट खत्म! जानिए बिना कद्दूकस किए ढाबा स्टाइल मूली पराठा बनाने की स्मार्ट किचन ट्रिक
Dhaba Style Mooli Paratha: सुबह का नाश्ता सिर्फ पेट भरने के लिए नहीं होता, बल्कि पूरे दिन की ऊर्जा और मूड उसी से तय होता है. ऐसे में अगर प्लेट में गरमा-गरम मूली के पराठे रखे हों, ऊपर से मक्खन की परत और साथ में दही या अचार, तो दिन की शुरुआत शानदार हो जाती है. लेकिन सच यह है कि मूली के पराठे सुनते ही कई लोग पीछे हट जाते हैं. वजह साफ है मूली कद्दूकस करने की झंझट. समय भी लगता है, हाथ भी दर्द करते हैं और ऊपर से मूली का पानी अलग परेशानी बन जाता है. अक्सर लोग सोचते हैं कि ढाबा जैसा स्वाद घर पर लाना मुश्किल है, लेकिन असली राज मेहनत में नहीं, सही ट्रिक में छिपा होता है. अगर आप किचन में स्मार्ट तरीके अपनाएं तो वही स्वाद कम समय में पा सकते हैं.
आज हम आपको ऐसी आसान किचन ट्रिक्स बता रहे हैं जिनसे बिना कद्दूकस किए मूली की फिलिंग तैयार होगी और पराठे भी बनेंगे करारे, बिल्कुल ढाबा स्टाइल. एक बार यह तरीका अपनाया तो हर बार यही फॉलो करेंगे.
बिना कद्दूकस किए ऐसे तैयार करें मूली की फिलिंग
1. चॉपर वाला आसान तरीका
सबसे पहले मूली को अच्छी तरह धोकर छील लें. अब इसे छोटे टुकड़ों में काट लें. इन टुकड़ों को इलेक्ट्रिक या हैंड चॉपर में डालें. कुछ ही सेकंड में मूली उतनी ही बारीक हो जाएगी जितनी कद्दूकस करने पर होती है. न हाथों में दर्द, न समय की बर्बादी.
2. मिक्सी का स्मार्ट इस्तेमाल
अगर चॉपर नहीं है तो मिक्सी का जार लें. मूली के टुकड़े डालें और लगातार चलाने के बजाय 2-3 बार पल्स मोड पर घुमाएं. इससे मूली बारीक कटेगी, पेस्ट नहीं बनेगी. यह स्टेप बहुत अहम है.
परफेक्ट पराठे के लिए जरूरी टिप्स
सिर्फ मूली काट लेना काफी नहीं है. जब मूली बारीक हो जाए तो उसमें थोड़ा नमक मिलाकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे अतिरिक्त पानी बाहर आ जाएगा. फिर सूती कपड़े में डालकर अच्छी तरह निचोड़ लें. अगर यह स्टेप छोड़ दिया तो पराठे बेलते समय फट सकते हैं.
अब निचोड़ी हुई मूली में बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक पेस्ट, हरा धनिया, अजवाइन, अमचूर पाउडर और थोड़ा गरम मसाला मिलाएं. ढाबा जैसा स्वाद चाहिए तो एक चम्मच भुना बेसन भी डालें. यह बचा हुआ पानी सोख लेगा और पराठे अंदर से मुलायम, बाहर से कुरकुरे बनेंगे.
आटे की लोई में फिलिंग भरें, हल्के हाथ से बेलें और गर्म तवे पर सेकें. ऊपर से घी या मक्खन लगाएं. बस तैयार है आपका ढाबा स्टाइल मूली पराठा.