तमिलनाडु की धरती पर सिर्फ हम ही जीतेंगे, स्टालिन का पलानीस्वामी पर तीखा हमला, भाजपा का ‘गुलाम’ बनने का आरोप
Last Updated:
स्टालिन ने कहा, “तमिलनाडु में भाजपा की चालें काम नहीं आएंगी क्योंकि यहां सिर्फ हम ही होंगे, हमारी धरती पर सिर्फ हम ही जीतेंगे, हम अकेले ही जीतेंगे… चाहे आप कोई भी कलाबाजी करें, कोई भी मुखौटा पहनें, किसी भी केंद्रीय एजेंसी का इस्तेमाल करें, तमिलनाडु हमेशा आपकी पहुंच से बाहर रहेगा.”

तमिलनाडु के सीएम स्टालिन ने बीजेपी पर निशाना साधा. (फाइल फोटो)
तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु). सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने सोमवार को आरोप लगाया कि ‘भगवा भीड़’ दक्षिणी राज्य को ‘निगल’ जाना चाहती है, लेकिन उनकी पार्टी ऐसा करने की अनुमति नहीं देगी. स्टालिन ने यहां पार्टी के एक विशाल सम्मेलन को संबोधित करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी दल अन्नाद्रमुक के प्रमुख एडप्पाडी के. पलानीस्वामी पर तीखा हमला करते हुए उन पर मुख्यमंत्री पद हासिल करने के लिए भाजपा का ‘गुलाम’ बनने का आरोप लगाया.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पद छोड़ने की संभावना को देखते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुख्यमंत्री नहीं रहा और जनता दल-यूनाइटेड (जद यू) के दिग्गज नेता को आगे कर चुनाव जीतने के बाद ‘अब उन्हें दरकिनार कर दिया गया है.’
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि ‘भगवा भीड़’ (जो स्पष्ट रूप से भाजपा की ओर इशारा था) तमिलनाडु को ‘निगलना’ चाहती है, लेकिन द्रमुक ऐसा नहीं होने देगी. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जीत दर्ज करने के लिए भाजपा धीरे-धीरे ‘अन्नाद्रमुक’ को निगल रही है. उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का प्रवेश नहीं होगा और जब तक द्रमुक सरकार की कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी, तब तक वे राज्य पर शासन करते रहेंगे.
उन्होंने कहा, “तमिलनाडु में राजग का प्रवेश नहीं होगा, राज्य में राजग के निकम्मे इंजन का कोई प्रवेश नहीं होगा… जब तक हमारी सरकार की कल्याणकारी योजनाएं लागू रहेंगी, एम. के. स्टालिन तमिलनाडु पर शासन करेंगे.” उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में द्रमुक, भाजपा के ‘अन्नाद्रमुक’ रूपी मुखौटे को उतार फेंकेगी और उसका पर्दाफाश करेगी.
मुख्यमंत्री ने पूछा, “अगर अन्नाद्रमुक का मुखौटा पहना जाए तो क्या लोग भाजपा को नहीं पहचान पाएंगे?” उन्होंने केंद्र सरकार पर राज्य की बकाया धनराशि नहीं देने का आरोप लगाते हुए जमकर हमला बोला. स्टालिन ने कहा, “तमिलनाडु में भाजपा की चालें काम नहीं आएंगी क्योंकि यहां सिर्फ हम ही होंगे, हमारी धरती पर सिर्फ हम ही जीतेंगे, हम अकेले ही जीतेंगे… चाहे आप कोई भी कलाबाजी करें, कोई भी मुखौटा पहनें, किसी भी केंद्रीय एजेंसी का इस्तेमाल करें, तमिलनाडु हमेशा आपकी पहुंच से बाहर रहेगा.”
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें