बांदा में 36℃ तक पहुंचा तापमान, यूपी में कहर बरपाने वाली है गर्मी! अभी और चढ़ेगा पारा, जानें अपडेट
वाराणसी:उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपना रुख दिखाना शुरू कर दिया है.मार्च से शुरुआती हफ्ते में ही यूपी में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी अगले 2 से 3 दिनों में कई जिलों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक का क्रमिक उछाल आ सकता है.इसके बाद प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक,शुक्रवार (6 मार्च) को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभाग में मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान सभी जिलों को आईएमडी ने ग्रीन जोन में रखा है. आज सभी 75 जिलों में आसमान साफ होगा और दोपहर के वक्त धूप की तल्खी लोगों को गर्मी का अहसास कराएगी. 7,8 और 9 मार्च को भी मौसम ऐसा ही रहने का पूर्वानुमान जताया गया है.
आगरा से गोरखपुर तक दिखेगी धूप की तल्खी
शुक्रवार को आगरा से गोरखपुर तक धूप की तल्खी लोगो को महसूस होगी. आज अलीगढ़, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद, झांसी, सहारनपुर, कुशीनगर, मुरादाबाद, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, सीतापुर, श्रावस्ती, बहराइच, आजमगढ़, अमेठी, रायबरेली, वाराणसी, गोरखपुर, ललितपुर, श्रावस्ती, प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकूट, अयोध्या, देवरिया, इटावा, कन्नौज, मैनपुरी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ और आस पास के जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.
नोएडा-लखनऊ में आज इतना होगा तापमान
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को धूप की तल्खी लोगों को गर्मी का अहसास कराएगी. सुबह सवेरे आसमान साफ होगा इस दौरान धूप भी खिली रहेगी.मौसम विभाग का अनुमान है आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 17 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा.आने वाले 2 से 3 दिनों में इसमें 2 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आ सकता है. वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है.
40 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार गर्मी मार्च के महीने में ही अपना कहर दिखायेगी. अनुमान है अगले 3 से 4 दिनों में यूपी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है.
बांदा में तापमान 36℃ के करीब
बताते चलें कि अब बीते 24 घण्टे में प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस बांदा में रिकॉर्ड हुआ.जो बीते बुधवार को 34.8 डिग्री सेल्सियस था.वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान नजीबाबाद में 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा.