IND vs ENG Semi Final Live : भारत-इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल की जंग, वानखेड़े में किसे मिलेगा फाइनल का टिकट?
India vs England semi final t20 world live score: आज आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में खेलने वाली दूसरी टीम के नाम का फैसला हो जाएगा. भारतीय टीम मुंबई के ऐतिहासिक वानखेडे स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ खेलने उतरेगी. ये लगातार तीसरा मौका है जब दोनों टीमों के बीच टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा. पिछली बार भारत ने इंग्लिश टीम को हराकर फाइनल में कदम रखा था. साउथ अफ्रीका को रोमांचक मुकाबले में हराकर रोहित शर्मा ने ट्रॉफी उठाई थी.
इंग्लैंड की टीम ने सुपर 8 में अपने तीनों मैच जीते थे जबकि भारत को दो में जीत मिली थी. इंग्लिश टीम ने श्रीलंका, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान को मात देकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया है. भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार मिली थी. इसके बाद जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में जगह बनाई.
संजू सैसमन, अभिषेक शर्मा, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
फिल साल्ट, जोस बटलर, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), विल जैक्स, सैम करन, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, लियाम डॉसन, ल्यूक वुड।
Ind vs Eng Live Updates: कैसा रहा दोनों टीमों का यहां तक का सफर
दोनों टीमों के सेमीफाइनल तक के सफर की बात करें तो भारत ने ग्रुप स्टेज में अजेय रहते हुए सुपर-8 में जगह बनाई. हालांकि, साउथ अफ्रीका से पहले ही सुपर-8 मैच में मिली हार ने फैंस की धड़कनें बढ़ा दीं. इस हार ने भारत के टॉप-4 में जगह बनाने की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया. हालांकि, अगले दो सुपर 8 मुकाबले जीतकर टीम इंडिया ने सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया. भारत ग्रुप-1 में दूसरे स्थान पर रहा. साउथ की वेस्टइंडीज पर जीत ने भारत के लिए नॉकआउट मैच में जगह बनाने का काम आसान किया. दूसरी ओर, इंग्लैंड की बात करें तो ग्रुप-स्टेज में तीन जीत के साथ उसने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई किया. वेस्टइंडीज से इंग्लैंड को ग्रुप मुकाबले में शिकस्त मिली थी. हालांकि, इंग्लिश टीम ने सुपर-8 में जबरदस्त खेल दिखाते हुए सभी मुकाबले जीते और अपने ग्रुप में टॉप रहते हुए सेमीफाइनल बर्थ पक्की की.
Ind vs Eng Live Updates: वरुण के पास नंबर-1 बनने का मौका
वरुण चक्रवर्ती आज के मुकाबले में दो विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन सकते हैं. उनके नाम अब तक सात मैचों में 12 विकेट दर्ज हैं. फिलहाल पहले नंबर पर टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी टीम यूएस के शेडली वैन शल्कविक हैं, जिन्होंने चार मुकाबले खेलते हुए 13 विकेट चटकाए.
Ind vs Eng Live Updates: जोफ्रा आर्चर भारत के लिए बड़ा खतरा
कार्तिक ने कहा कि जोफ्रा आर्चर एक ऐसे गेंदबाज हैं जो बल्लेबाजी पिच पर भी बल्लेबाजों पर नियंत्रण रख सकते हैं. अगर आर्चर किसी फेज में हावी हो जाते हैं, तो इंग्लैंड की पूरी गेंदबाजी और भी तेज दिखती है. अगर भारत आर्चर को डिफेंड करने के लिए मजबूर करता है, तो बाद में आसानी हो जाती है. हालांकि, जोफ्रा आर्चर ने कुछ अच्छे स्पेल फेंके हैं, इसलिए आपको उन पर दबाव डालने के लिए सही योजना बनानी होगी. सैम करन, जेमी ओवरटन और लियाम डॉसन के लिए भी रणनीति होनी चाहिए. भारत अगर अच्छे रन रेट से रन बनाएगा तो इंग्लैंड पर दबाव बढ़ेगा. कार्तिक ने कहा, ‘पहले बैटिंग की स्थिति में भारत को जितना हो सके उतना बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करनी चाहिए. अगर लक्ष्य का पीछा कर रहे हैं तो उनकी गेंदबाजी पर दबाव डालिए. इंग्लैंड से बेहतर होने का यही तरीका है.’
Ind vs Eng Live Updates: दबाव झेलने वाली टीम को मिलेगा फायदा – कार्तिक
मैच से पहले पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने टीम इंडिया को आगाह किया है. जियोहॉटस्टार पर बात करते हुए दिनेश कार्तिक ने कहा, ‘वानखेड़े में असली फैक्टर है कि दबाव को आप किस तरह से झेलते हैं. अगर आप 20 ओवर तक दबाव नहीं रख सकते, तो जो टोटल आपको काफी लगता था, उसे चेज किया जा सकता है.’ इस दौरान दिनेश कार्तिक ने भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2016 टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल को याद किया. यह मुकाबला वानखेड़े में खेला गया था. वेस्टइंडीज ने भारत के दिए 193 के लक्ष्य को हासिल कर लिया था. कार्तिक ने कहा, ‘मुंबई में हमेशा से हाई-स्कोरिंग मैच होते हैं. हम सभी को 2016 याद है, कैसे 192 का चेज किया गया था. वह रात इसलिए याद की जाती है क्योंकि यह वानखेड़े की प्रकृति को पूरी तरह से दिखाती है. बड़े टोटल का बचाव नहीं होता, वे न्योता होते हैं अगर चेज करने वाली टीम को बढ़त मिल जाए.’
Ind vs Eng Live Updates: वरुण चक्रवर्ती भारत के लिए कर सकते हैं कमाल
वरुण चक्रवर्ती का भले ही सुपर-8 राउंड में प्रदर्शन खास नहीं रहा, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है. वरुण चक्रवर्ती वर्ल्ड कप सुपर-8 के तीनों मैचों में महंगे साबित हुए हैं. दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए मैचों में वरुण ने 12 ओवर में 122 रन लुटाए और सिर्फ 3 विकेट लिए. वरुण मौजूदा समय में भारतीय स्पिन गेंदबाजी का ट्रंप कार्ड हैं. दाएं हाथ का यह रहस्यमयी लेग स्पिनर इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों में 14 विकेट ले चुका है. 24 रन देकर 5 विकेट उनका श्रेष्ठ प्रदर्शन है.
Ind vs Eng Live Updates: इंग्लैंड के इन 5 खिलाड़ियों से भारत को रहना होगा सतर्क
भारत को इस बड़े मैच इंग्लैंड के 5 खिलाड़ियों से सावधान रहना होगा, जो किसी भी वक्त मैच में इंग्लैंड पकड़ मजबूत कर सकते हैं. जोस बटलर भले ही इस टूर्नामेंट में रनों के लिए संघर्ष करते हुए दिखाई दिए हों, लेकिन इंग्लिश टीम के कुछ खिलाड़ी जबरदस्त फॉर्म में लौट चुके हैं. ऑलराउंडर विल जैक्स के लिए यह टूर्नामेंट कमाल का रहा है. कप्तान हैरी ब्रूक का बल्ला चला तो भारत के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है. विस्फोटक बल्लेबाज फिल साल्ट भी टीम इंडिया का काम खराब कर सकते हैं. गेंदबाजी में आदिल रशीद और जोफ्रा आर्चर से भारतीय बल्लेबाजों को सतर्क रहना होगा.
Ind vs Eng Live Updates: लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में आमने-सामने भारत-इंग्लैंड
टी20 वर्ल्ड कप में ये लगातार तीसरी बार है, जब भारत और इंग्लैंड की सेमीफाइनल में टक्कर हो रही है. दोनों टीमें इससे पहले दो बार सेमीफाइनल में भिड़ चुकी हैं. पहली बार 2022 में, जबकि दूसरी बार 2024 में. 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को एकतरफा अंदाज में हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी. इस मैच में इंग्लैंड को 10 विकेट से जीत मिली. वहीं, 2024 के टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने अपना बदला पूरा किया. रोहित शर्मा की अगुवाई में 2024 में टीम इंडिया ने 68 रनों से मैच को अपने नाम किया था.
Ind vs Eng Live Score: इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग 11
फिल साल्ट, जोस बटलर, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), विल जैक्स, सैम करन, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, लियाम डॉसन, ल्यूक वुड।
Ind vs Eng Live Score: भारत की संभावित प्लेइंग 11
संजू सैसमन, अभिषेक शर्मा, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
Ind vs Eng Live Score आज फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम पर फैसला
नमस्कार, भारत और इंग्लैंड के बीच आज शाम खेले जाने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मुकाबले के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है. न्यूजीलैंड की टीम ने पहले सेमीफाइनल में टूर्नामेंट जीतने की प्रबल दावेदार साउथ अफ्रीका को हराकर बाहर का रास्ता दिखाया. आज जिस भी टीम को जीत मिलेगी वो टी20 वर्ल्ड कप जीतने के लिए कीवी टीम के साथ खेलेगा.