Finn Allen: 6,4,4,4,4, एक ओवर में 22 रन और फास्टेस्ट फिफ्टी का रिकॉर्ड, फिन एलन ने न्यूजीलैंड के लिए रचा इतिहास
Last Updated:
finn allen record breaking knock: फिन एलन ने टी20 वर्ल्ड कप कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तूफानी शतक से गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए न्यूजीलैंड को फाइनल का टिकट दिलाया. एलन ने 33 गेंदों में 100 रन की नाबाद पारी खेलकर रिकॉर्ड बुक तहस-नहस कर दी. इस दौरान उन्होंने एक ओवर में 22 रन ठोककर कीवी टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक लगाकर इतिहास भी रचा.

फिन एलन ने आतिशी पारी से रचा इतिहास.
नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के विस्फोटक ओपनर फिन एलन का टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रचंड रूप देखने को मिला. एलन ने टूर्नामेंट इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ते हुए साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हुए इस मुकाबले को एकतरफा बना दिया. 170 रन का लक्ष्य न्यूजीलैंड ने महज 12.5 ओवर में हासिल कर फाइनल का टिकट कटाया. एलन ने सिर्फ 33 गेंदों में 100 रन की नाबाद लाजवाब पारी खेलकर इतिहास रच दिया. यह टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड है. एलन ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड ध्वस्त किया. एलन ने इस पारी को खेलकर कई रिकॉर्ड तोड़े. चलिए आपको एक-एक करके उनके रिकॉर्ड बताते हैं.
एक ओवर में 22 रन और 19 गेंद में फिफ्टी
पारी की शुरुआत से ही फिन एलन ताबड़तोड़ अंदाज में शॉट लगाते नजर आए. उन्होंने साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों की हालत खराब करती हुए मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाना जारी रखा और महज 19 गेंदों में फिफ्टी ठोक दी. इसके साथ ही एलन न्यूजीलैंड के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज फिफ्टी बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए. उन्होंने ग्लेन फिलिप्स का 22 गेंदों में बनाया रिकॉर्ड तोड़ा. फिफ्टी पूरी करने के दौरान ही उन्होंने कॉर्बिन बॉश को एक ओवर में आड़े हाथों लेते हुए 22 रन ठोक दिए. एलन ने पावर प्ले के आखिरी ओवर में यह रौद्र रूप दिखाया. इस इस ओवर की छक्के से शुरुआत करते हुए लगातार चार चौके लगाए.
फिन एलन ने आतिशी पारी से रचा इतिहास.
सबसे तेज शतक का बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
एलन ने अपनी पारी की 33वीं गेंद पर चौका लगाया और शतक पूरा किया, जिससे वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास के सबसे तेज शतकवीर बन गए. क्रिस गेल के नाम यह रिकॉर्ड 2016 से था, जो अब टूट चुका है. एलन ने अपनी इस मैच विनिंग पारी में आठ छक्के और 10 चौके लगाए. एलन 300 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते नजर आए. उनकी इस आतिशी बल्लेबाजी ने साउथ अफ्रीका को मुकाबले में वापसी का मौका तक नहीं दिया. इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
लगातार 5 बाउंड्री ठोक पूरा किया शतक
पारी के 13वें ओवर में फिन एलन ने लगातार 5 बाउंड्री लगाकर शतक का जश्न मनाया. 12 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 149/1 था. 13वां ओवर लेकर आए मार्को यानसेन की शुरुआती 5 गेंदों पर 24 रन जड़कर एलन ने ने सिर्फ शतक पूरा किया, बल्कि मुकाबला ही खत्म कर दिया. शुरुआती दो गेंदों पर चौके और फिर दो छक्के लगाकर वह नाइंटीज में पहुंचे और चौके के साथ शतक पूरा किया. साथ न्यूजीलैंड को टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बना दिया.
ये रिकॉर्ड्स भी किए नाम
फिन एलन टी20 इंटरनेशनल में तीसरा सबसे तेज शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. साहिल चौहान और मुहम्मद फहाद इस मामले में उनसे आगे हैं. साहिल ने 27 गेंदों में शतक ठोका हुआ है, जबकि फहाद ने 29 गेंदों में यह कारनामा किया हुआ है. टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक के अलावा यह फुल मेंबर टीम के खिलाफ किसी बल्लेबाज का फास्टेस्ट हंड्रेड का रिकॉर्ड भी है.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें