सरफराज नहीं, इस दिग्गज को बनाया जाए टेस्ट टीम का कोच, अफरीदी ने किसके लिए की मांग
Last Updated:
shahid afridi younis khan: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने सरफराज अहमद को टेस्ट टीम की कोचिंग के लिए उपयुक्त नहीं माना है. अफरीदी को लगता है कि यूनिस खान को टेस्ट कोच बनाया जाना चाहिए. एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड सरफराज अहमद के जूनियर टीम के साथ किए गए काम से संतुष्ट है और उन्हें टेस्ट टीम की कोचिंग सौंपने को तैयार है.

शाहिद अफरीदी ने यूनिस खान का लिया नाम.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाहर हुई पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं. बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए घोषित पाकिस्तान टीम से बाबर आजम, फखर जमान और नसीम शाह जैसे खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है. वहीं अब टेस्ट फॉर्मेट के लिए पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को कोच बनाए जाने की चर्चा है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड सरफराज अहमद के जूनियर टीम के साथ किए गए काम से संतुष्ट है और उन्हें टेस्ट टीम की कोचिंग सौंपने को तैयार है. रिपोर्ट के मुताबिक, सरफराज भी इस जिम्मेदारी के लिए तैयार हैं.
सूत्रों ने टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट को बताया, ‘पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने सरफराज से टेस्ट टीम के हेड कोच का पद संभालने के लिए बात की है, और वह शान मसूद के साथ कप्तान के तौर पर काम करने के लिए सहमत हो गए हैं, क्योंकि दोनों अच्छे दोस्त हैं और पिछली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में पाकिस्तान को अपना नौवां स्थान सुधारने में मदद कर सकते हैं.’ पाकिस्तान को जुलाई में वेस्टइंडीज में दो टेस्ट और अगस्त में इंग्लैंड में तीन टेस्ट भी खेलने हैं.
शाहिद अफरीदी ने यूनिस खान का लिया नाम.
हालांकि, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने सरफराज अहमद को टेस्ट टीम की कोचिंग के लिए उपयुक्त नहीं माना है. अफरीदी को लगता है कि यूनिस खान को टेस्ट कोच बनाया जाना चाहिए. अफरीदी ने स्थानीय मीडिया से कहा, ‘10,000 से अधिक टेस्ट रन और लंबे फॉर्मेट में हाई क्लास बैट्समैन के तौर पर पहचान के साथ, मुझे लगता है कि यूनिस को टेस्ट टीम दी जानी चाहिए.’ पाकिस्तान टेस्ट टीम के कोच का पद पिछले साल दिसंबर से खाली है. अजहर महमूद ने अपना कॉन्ट्रैक्ट निर्धारित मार्च 2026 से पहले ही समाप्त कर लिया था. अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी जिताने वाले सरफराज ने 54 टेस्ट खेले हैं.
मुश्किल में पाकिस्तान का बांग्लादेश दौरा
दूसरी ओर, पाकिस्तान का बांग्लादेश दौरा मिडिल ईस्ट में चल रहे संकट के कारण मुश्किल में पड़ता दिख रहा है. पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह दौरा तभी होगा जब किसी तरह का “यात्रा जोखिम” या “सुरक्षा चिंता” नहीं होगी. बांग्लदेश क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि उन्हें पाकिस्तान की ओर से सीरीज टालने के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है.
बीसीबी के क्रिकेट ऑपरेशंस चेयरमैन नजमुल आबेदीन ने क्रिकबस से कहा, ‘अगर ऐसी स्थिति आती है कि वे यात्रा नहीं कर सकते, तो हम कुछ नहीं कर सकते. लेकिन अभी तक हमें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से इस बारे में कोई संदेश नहीं मिला है.’ यह वनडे सीरीज 11 मार्च से शुरू होनी है और तीनों मैच मीरपुर के शेर ए बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें