होटल तक पहुंची पब से शुरू हुई इंस्टा वाली बात, दोस्तों के बीच जमकर चले ताल-घूंसे, एयरोसिटी में जमकर हुआ बवाल
Last Updated:
दक्षिण दिल्ली के एक पब में अपनी महिला मित्रों के साथ पार्टी कर रहे कुछ दोस्तों की इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर कहासुनी हो गई थी. यह कहासुनी देखते ही देखते दिल्ली एयरपोर्ट के एयरोसिटी स्थित एक होटल तक पहुंच गई. जहां इन दोस्तों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

IGI Airport News: दक्षिण दिल्ली के पब से शुरू हुई इंस्टाग्राम पोस्ट वाली बात एयरोसिटी के एक होटल तक पहुंच गई. इस बात को लेकर कुछ दोस्तों के बीच न केवल जमकर मारपीट हुई, बल्कि होटल के कमरे में जमकर तोड़फोड़ भी की गई. वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी दोस्त मौके से फरार हो गए. वहीं पीडितों की शिकायत पर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी युवकों की तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस को दी अपनी शिकायत में गुरुग्राम निवासी इतेंद्र ने बताया कि लखनऊ से आए उसके दोस्त संदीप सिंह, अभिषेक सिंह और निशित सिंह एयरोसिटी के होटल अंदाज में ठहरे हुए थे. 28 फरवरी की शाम वह अर्पित शर्मा, आशीष शोकीन, अजय मलिक, राज शर्मा, हरकिरण कौर, मुस्कान, कनक और मेघा के साथ अपने दोस्तों से मिलने के लिए अंदाज होटल पहुंचा था. दोस्तों से मिलने के बाद सभी लोग वसंत कुंज के स्क्वायर मॉल स्थित नव्वोस पब में पार्टी करने चले गए.
पब में शुरू हुई इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर कहासुनी
- आरोप है कि इसी पब में इनकी मुलाकात लक्षित ग्रोवर, मन्नू चावला और गौरव तनेजा से हुई. इन तीनों को सभी पहले से जानते थे.
- पार्टी के दौरान इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालने को लेकर अर्पित शर्मा की लक्षित ग्रोवर और उसके साथियों से कहासुनी हो गई. हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया.
- इसके बाद, इतेंद्र और उनके दोस्त वापस अंदाज होटल लौट आए. कुछ देर बाद लक्षित ग्रोवर, मन्नू चावला और गौरव तनेजा अपने अन्य साथियों के साथ होटल पहुंच गया.
- तीनों अपार्टमेंट नंबर 1901 में जबरन घुस आए और अर्पित शर्मा पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे इतेंद्र और आशीष को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा. तीनों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई.
- पीड़ितों का कहना है कि आरोपियों ने कमरे में रखे सामान की भी तोड़फोड़ की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी.
- शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक आरोपी के पास पिस्टल जैसी चीज थी, जिसे देखकर सभी लोग डर गए. हंगामे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
मौके पर पहुंची पुलिस के सामने आई यह बात
घटना की सूचना मिलने पर 1 मार्च को थाना आईजीआई एयरपोर्ट की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. होटल के कमरे में सामान बिखरा मिला और फर्श पर कांच के टुकड़े पड़े थे. पुलिस ने पीडि़तों को द्वारका स्थित इंदिरा गांधी हॉस्पिटल पहुंचा, जहां मेडिकल जांच के दौरान इतेंद्र, अर्पित शर्मा और आशीष शोकीन के सिर, हाथ और पैर पर चोट, सूजन और खरोंच पाई गई है. तीनों के रक्त के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं. पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और मौके की स्थिति के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें