गोरखपुर-मुंबई वाले ध्यान दें, होली के बाद गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस का बदलेगा शेड्यूल,यहां जानें
Last Updated:
गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस का शेड्यूल 05 मार्च से बदलेगा. मऊ-छपरा कचहरी सवारी गाड़ी का समय भी बदला गया है. होली के दौरान भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने यह बदलाव किया है.

होली की भीड़ को देखते हुए लिया गया फैसला.
गोरखपुर.होली के दौरान लाखों यात्रियों को घर पहुंचाने के लिए भारतीय रेलवे ने पूरे देश में सैकड़ों स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं. इस बीच पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की और अधिक सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है.ट्रेन नंबर 15018 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के यात्रियों को भटनी से आगे की यात्रा आसान बनाने के लिए गाड़ी संख्या 55102 मऊ-छपरा कचहरी सवारी गाड़ी के स्टापेज समय में परिवर्तन किया गया है. यह बदलाव 05 मार्च से लागू होगा.
नया शेड्यूल ट्रेन मऊ जंक्शन से सुबह 05:00 बजे प्रस्थान करेगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए भटनी से 07:25 बजे छूटेगी. इसके बाद नोनापार 07:33 बजे, भाटपार रानी 07:43 बजे, बनकटा 07:53 बजे, मैरवा 08:02 बजे, करछुई 08:08 बजे, जीरादेई 08:14 बजे और सीवान 08:30 बजे छूटेगी.यह बदलाव होली के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए किया गया है, क्योंकि गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र के बीच प्रमुख कनेक्टिविटी प्रदान करती है. होली स्पेशल ट्रेनों के साथ यह सवारी गाड़ी यात्रियों को भटनी से छपरा कचहरी तक सुविधाजनक और समय पर पहुंचाने में मदद करेगी.
पूर्वोत्तर रेलवे ने होली के लिए दर्जनों स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, जिनमें गोरखपुर से मुंबई, दिल्ली, कोलकाता आदि दिशाओं में अतिरिक्त सेवाएं शामिल हैं.रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्रभावित तिथियों पर अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं. ट्रेन की सही स्थिति, प्लेटफॉर्म और अन्य जानकारी के लिए ऐप, आईआरसीटीसी वेबसाइट चेक करें या 139 पर कॉल करें.
इस बार भारतीय रेलवे ने होली पर ट्रेनें चलाने के लिए एआई का सहारा लिया है,जिससे अधिक से अधिक लोगों को सुविधाजनक सफर कराया जा सके.वे परिजनों के साथ होली मना सकें. इसी तरह घर गए लोगों को वापस लाने के लिए भी ट्रेनें चलाई जाएंगी,जिससे अधिक से अधिक लोग समय पर अपने अपने काम पर वापस आ सकें और ड्यूटी शुरू कर सकें.