दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से गाजियाबाद आना हुआ आसान, सैन विहार कट के पास चौड़ा हुआ एग्जिट पॉइंट, बचेगा कीमती समय
Ghaziabad Traffic Update: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे और एनएच-9 पर सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर है. क्योंकि, अब वाहन चालकों को जमा के झाम में फंसना नहीं पड़ेगा. दरअसल, पिछले काफी लंबे इंतजार के बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने सैन विहार कट (IPEM कॉलेज के सामने) पर एग्जिट पॉइंट को चौड़ा करने का काम पूरा कर लिया है. अब इस पॉइंट को ट्रैफिक के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है, जिससे न केवल ट्रैफिक की रफ्तार बढ़ेगी बल्कि पीक ऑवर्स में लगने वाले भीषण जाम से भी छुटकारा मिलेगा.
सिरदर्द बना हुआ था संकरा एग्जिट
दरअसल, सैन विहार कट के पास एग्जिट पॉइंट काफी संकरा (चौड़ाई बेहद कम) था. इस वजह से दिल्ली की ओर से आने वाला ट्रैफिक जब NH-9 की मुख्य लेन पर मुड़ने की कोशिश करता था, तो वहां वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं. ऑफिस से घर लौटने वाले लोगों को यहां घंटों फंसना पड़ता था. संकरा रास्ता होने के कारण एक्सीडेंट का खतरा भी बना रहता था, जिसे देखते हुए NHAI ने इसे चौड़ा करने का निर्णय लिया था.
अब दो लेन से निकलेगा ट्रैफिक
NHAI ने दावा किया है कि इस पॉइंट को अब पहले के मुकाबले काफी चौड़ा कर दिया गया है. अब यह एक ‘टू-लेन एग्जिट’ बन चुका है, जिससे वाहन बिना किसी रुकावट के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) से उतरकर NH-9 की सर्विस लेन में जा सकेंगे. इतना ही नहीं, दिल्ली, नोएडा और आनंद विहार की तरफ से गाजियाबाद आने वाले लोगों को अब आगे जाकर भीड़भाड़ वाले कटों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा
समय और पेट्रोल दोनों की होगी बचत
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर एग्जिट पॉइंट के चौड़े होने से सबसे बड़ा फायदा समय की बचत के रूप में होगा. एक अनुमान के मुताबिक, दिल्ली, नोएडा और आनंद विहार की तरफ से गाजियाबाद के आंतरिक इलाकों में आने वाले लोगों के कम से कम 15 से 20 मिनट बचेंगे. अब वाहनों को आगे जाकर भीड़भाड़ वाले कटों का इस्तेमाल नहीं करना पड़ेगा. रास्ता साफ होने से गाड़ियों को बार-बार ‘स्टॉप-एंड-गो’ की स्थिति से नहीं गुजरना होगा, जिससे ईंधन की भी बचत होगी.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और नई व्यवस्था
NHAI के अधिकारियों का दावा है कि दो लेन का एग्जिट होने से अब वाहनों के आपस में टकराने का डर खत्म हो गया है. पहले रास्ता तंग होने के कारण गाड़ियों के बीच रगड़ लगने या छोटी दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी. इसके अलावा, सेक्टर-62 के पास होने वाले ट्रैफिक क्लैश को रोकने के लिए प्रशासन ने लोहे के मजबूत डिवाइडर लगा दिए हैं. इससे कनावनी से आने वाला ट्रैफिक और हाईवे का मुख्य ट्रैफिक आपस में नहीं उलझेगा.
इन इलाकों के लाखों लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
इस एग्जिट के चौड़ा होने से गाजियाबाद के कई प्रमुख रिहायशी और औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा:
- विजयनगर और प्रताप विहार: दिल्ली से आने वाले लोग अब सीधे इसी एग्जिट का उपयोग कर अपने घर पहुंच सकेंगे.
- क्रॉसिंग रिपब्लिक: NH-24 के किनारे बसी इस विशाल टाउनशिप के निवासियों को अब लाल कुआं या अन्य व्यस्त कटों पर जाने की जरूरत नहीं होगी.
- इंडस्ट्रियल एरिया: कविनगर और औद्योगिक क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को अब मुड़ने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी, जिससे पूरी लेन की रफ्तार बनी रहेगी.
सेक्टर-62 का नया ट्रैफिक प्लान, नहीं खड़ी होंगी बसें
अक्सर देखा गया है कि सेक्टर-62 और आसपास के कट पर बसें और ऑटो खड़े रहने से ट्रैफिक बाधित होता था. नए बदलाव के बाद अब यहां बसें खड़ी करने की अनुमति नहीं होगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात के सुचारू संचालन के लिए अवैध पार्किंग पर सख्त नजर रखी जाएगी ताकि करोड़ों की लागत से बने इस एक्सप्रेस-वे का लाभ आम जनता को सुगमता से मिल सके.