‘द केरल स्टोरी 2’ को थिएटर्स से हटाने की मिल रही धमकी, मेकर्स ने लगाए आरोप, फिर भी ताबड़तोड़ कमा रही फिल्म
Last Updated:
‘द केरल स्टोरी 2’ केरल हाईकोर्ट से मंजूरी मिलने के बाद सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. अब प्रोड्यूसर विपुल शाह का कहना है कि चेन्नई और केरल के सिनेमाघरों में फिल्म दिखाने नहीं दिया जा रहा है. मालिकों पर फिल्म हटाने का दबाव बनाया जा रहा है.

‘द केरल स्टोरी’
नई दिल्ली. विपुल अमृतलाल शाह और सुदिप्तो सेन की फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ पर लंबे समय से विवाद चल रहा था. फिल्म की रिलीज पर केरल हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी, लेकिन एक लंबी लड़ाई के बाद आखिरकार 27 फरवरी को फिल्म को हरी झंडी मिल गई. अब ‘द केरल स्टोरी 2’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई, लेकिन फिल्म के प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह का आरोप है कि केरल और चेन्नई के सिनेमाघरों पर फिल्म न दिखाने का दबाव बनाया जा रहा है.
विपुल अमृतलाल शाह ने केरल और चेन्नई के प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की है. उनका आरोप है कि दोनों राज्यों में थिएटर मालिकों को धमकियां दी जा रही हैं, ताकि वे फिल्म को सिनेमाघरों में स्क्रीन न करें. आईएएनएस से बातचीत में मेकर कहते हैं कि वो चाहते हैं कि कोर्ट के आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए.
विपुल शाह ने लगाया बड़ा आरोप
उनके मुताबिक, जब तक फिल्म पर स्टे लगा हुआ था, तब तक उन्होंने कानून का पूरा सम्मान किया और किसी तरह की अवैध स्क्रीनिंग नहीं की. उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर कानून का पालन केवल फिल्म निर्माताओं से ही अपेक्षित हो और धमकी देने वालों पर कार्रवाई न हो, तो न्याय व्यवस्था का उद्देश्य ही कमजोर पड़ जाता है.
सिंगल जज बेंच ने लगाई थी रोक
शुक्रवार को केरल हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर लगी अंतरिम रोक हटा दी थी. यह फैसला डिवीजन बेंच द्वारा पहले लगाए गए स्टे को हटाने के बाद आया. पहले सिंगल जज बेंच ने इस रोक लगाया था. अदालत के इस आदेश के बाद फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में दिखाने का रास्ता साफ हो गया.
विपुल शाह ने यह भी दावा किया कि जहां-जहां फिल्म प्रदर्शित हो रही है, वहां दर्शकों की रिएक्शन बेहद पॉजिटिव है. उनके अनुसार, डिस्ट्रीब्यूटर और थिएटर मालिक फिल्म के प्रदर्शन से खुश हैं और वे आने वाले दिनों में शो और स्क्रीन की संख्या बढ़ाने की योजना बना रहे हैं.
द केरल स्टोरी 2 कलेक्शन
अब अगर ‘द केरल स्टोरी 2’ के कलेक्शन की बात करें तो कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म ने पहले दिन 75 लाख का कलेक्शन दर्ज किया था. दूसरे दिन फिल्म ने 4.65 करोड़ रुपए का बिजनेस किया. इसके साथ अब तक कुल कलेक्शन 5.40 करोड़ रुपए तक जा पहुंचा है.
About the Author
प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें