IND vs WI: भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज से कहां हो गई चूक, हारने के बाद कप्तान शाई होप ने बताई वजह
Last Updated:
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने हार के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘शायद हम कुछ रन कम बना पाए, खासकर यहां जैसे चेजिंग ग्राउंड पर. हम आखिरी ओवरों में थोड़े अधिक रन जोड़ सकते थे. संजू सैमसन ने वाकई शानदार पारी खेली, इसका श्रेय उन्हें देना होगा, लेकिन अगर कुछ रन और होते तो बेहतर रहता.’

हार के बाद क्या बोले वेस्टइंडीज के कप्तान
कोलकाता. भारत के खिलाफ रविवार को सुपर-8 मैच में 5 विकेट से हार के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज का सफर समाप्त हो गया है. कैरेबियन टीम के कप्तान शाई होप ने भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन को सराहा है, जिन्होंने 50 गेंदों में 4 छक्कों और 12 चौकों के साथ 97 रन की नाबाद पारी खेलते हुए वेस्टइंडीज से जीत छीन ली. रविवार को खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए. इसके जवाब में भारत ने 19.2 ओवरों में ही जीत दर्ज कर ली.
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने हार के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘शायद हम कुछ रन कम बना पाए, खासकर यहां जैसे चेजिंग ग्राउंड पर. हम आखिरी ओवरों में थोड़े अधिक रन जोड़ सकते थे. संजू सैमसन ने वाकई शानदार पारी खेली, इसका श्रेय उन्हें देना होगा, लेकिन अगर कुछ रन और होते तो बेहतर रहता.’
हार के बाद क्या बोले वेस्टइंडीज के कप्तान
भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवरों में 36 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. उन्होंने न सिर्फ शिमरोन हेटमायर (27) और रोस्टन चेज (40) की साझेदारी को तोड़ा, बल्कि इन दोनों ही खिलाड़ियों का विकेट बुमराह के ही नाम रहा.
मैच के टर्निंग प्वाइंट पर होप ने कहा, ‘जसप्रीत बुमराह उनके (भारत) स्ट्राइक गेंदबाज हैं. जब गेंद उनके हाथ में होती है, कुछ न कुछ जरूर होता है. उस ओवर में उन्होंने साझेदारी तोड़ी, खासकर उस वक्त जब शिमरोन हेटमायर टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में थे. यह खेल का एक निर्णायक पल था. फिर भी हम 190 के आसपास पहुंचे और खुद को मौका दिया.’
कप्तान ने अपनी टीम के गेंदबाजों की तारीफ में कहा, “मुझे लगा कि पूरे टूर्नामेंट में हमारी गेंदबाजी अच्छी रही. अलग-अलग परिस्थितियों में हमने खुद को ढाला. पावरप्ले में गेंदबाजी खास रही. अकील हुसैन ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम में लौटने के बाद गुडाकेश मोती ने भी अच्छा योगदान दिया. बस इस मैच में हम फिनिश लाइन पार नहीं कर पाए.”
आगे कहा, ‘आप कभी इस स्टेज पर टूर्नामेंट खत्म नहीं करना चाहते. अगर हम एक मैच और जीतते तो सेमीफाइनल में होते, और फिर सब कुछ संभव था. लड़कों को पूरा श्रेय जाता है. हमने अपने लिए ऊंचे मानक तय किए हैं. हमें अहम पलों को भुनाना होगा और मैच के दिन अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना होगा.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें