बाजार जैसे सॉफ्ट और स्पंजी दही वड़े घर पर कैसे बनाएं, जानें 2 सीक्रेट टिप्स और रेसिपी जो हर बार देंगे परफेक्ट रिजल्ट

Share to your loved once


Soft Dahi Vada Recipe: होली का मौसम आते ही रसोई में पकवानों की खुशबू फैलने लगती है, और इन खास व्यंजनों में दही वड़ा हमेशा से लोगों का फेवरेट रहा है. बाहर मिलने वाले दही वड़े इतने मुलायम और स्पंजी होते हैं कि मुंह में जाते ही घुल जाते हैं, लेकिन जब वही चीज घर पर बनाते हैं तो कई बार वड़े सख्त, भारी या अंदर से कच्चे रह जाते हैं. यही वजह है कि बहुत लोग सोचते हैं कि बाजार जैसे दही वड़े घर पर बनाना मुश्किल है. असल में समस्या रेसिपी में नहीं, बल्कि छोटी-छोटी गलतियों में छिपी होती है. दाल का सही टेक्सचर न बनना, उसे ठीक से न फेंटना या तेल का तापमान गलत होना-ये सब वड़ों की नरमी पर असर डालते हैं.

फूड क्रिएटर ‘बृष्टि की रसोई’ ने दही वड़े को परफेक्ट बनाने की दो अहम टिप्स बताई हैं, जो पूरी प्रक्रिया को आसान कर देती हैं, अगर दाल पीसते समय ठंडा पानी इस्तेमाल किया जाए और पिसी दाल को सही तरीके से फेंटा जाए, तो वड़े हल्के और जालीदार बनते हैं. सही स्टेप अपनाकर आप भी घर पर त्योहार जैसे सॉफ्ट दही वड़े बना सकते हैं.

दाल का सही चुनाव और भिगोना
अच्छे दही वड़े की शुरुआत सही दाल से होती है. इसके लिए धुली उड़द दाल सबसे बेहतर मानी जाती है, क्योंकि इसमें नैचुरल चिपचिपाहट होती है जो वड़ों को बांधकर रखती है और अंदर जालीदार बनावट देती है. एक कप उड़द दाल को 5–6 घंटे या रातभर पानी में भिगोकर रखें. अच्छी तरह भीगी दाल आसानी से पिसती है और उसका पेस्ट मुलायम बनता है, अगर दाल कम भीगी होगी तो पेस्ट दरदरा रहेगा और वड़े सख्त बनेंगे.

सीक्रेट टिप 1: दाल पीसते समय ठंडे पानी का इस्तेमाल
दाल पीसते समय अक्सर मिक्सर का जार गर्म हो जाता है. गर्मी की वजह से दाल का पेस्ट भारी हो जाता है और उसमें हवा नहीं भर पाती. यही कारण है कि वड़े सख्त बनते हैं. इसलिए दाल पीसते समय बहुत ठंडा पानी या एक-दो बर्फ के टुकड़े डालें. इससे पेस्ट ठंडा और स्मूद बनता है. ध्यान रखें पानी कम डालें, ताकि मिश्रण गाढ़ा रहे. गाढ़ा और ठंडा पेस्ट ही मुलायम वड़ों की पहली पहचान है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

सीक्रेट टिप 2: पिसी दाल को सही तरह फेंटना
दही वड़ा नरम बनाने का सबसे अहम स्टेप यही है. पिसी दाल को एक चौड़े बर्तन में निकालें और हाथों से एक ही दिशा में लगातार फेंटें. फेंटते-फेंटते मिश्रण हल्का और फूला हुआ हो जाएगा और रंग भी हल्का पड़ने लगेगा. चेक करने के लिए एक कटोरी पानी लें और उसमें थोड़ा मिश्रण डालें, अगर मिश्रण ऊपर तैरने लगे तो समझ लें कि दाल में हवा भर चुकी है और वह तलने के लिए तैयार है. यही एयरनेस वड़ों को स्पंजी बनाती है.

स्वाद बढ़ाने के लिए हल्के मसाले
जब दाल का मिश्रण तैयार हो जाए, तो उसमें जीरा और चिरौंजी मिलाएं. जीरा खुशबू और हल्का स्वाद देता है, जबकि चिरौंजी वड़ों के अंदर हल्की क्रंच और खास स्वाद जोड़ती है. चाहें तो बारीक कटी अदरक और हरी मिर्च भी डाल सकते हैं. मसाले मिलाते समय मिश्रण को ज्यादा न दबाएं, वरना उसमें भरी हवा निकल जाएगी.

वड़ों को तलने का सही तरीका
तेल का तापमान दही वड़े की नरमी में बड़ा रोल निभाता है. तेल बहुत ज्यादा गर्म होगा तो वड़े बाहर से जल्दी लाल हो जाएंगे और अंदर कच्चे रह जाएंगे. इसलिए तेल को मध्यम गर्म करें और वड़ों को मीडियम-लो आंच पर तलें. धीरे-धीरे तलने से वड़े अंदर तक पकते हैं और उनमें गांठ नहीं बनती. तलते समय वड़ों को पलटते रहें ताकि वे समान रूप से पकें.

तलने के बाद पानी में भिगोना क्यों जरूरी
तले हुए वड़ों को सीधे प्लेट में रखने की बजाय तुरंत गुनगुने नमक वाले पानी में डालें. यह स्टेप वड़ों को नरम बनाने में बेहद असरदार है. नमक वाला पानी वड़ों के अंदर तक पहुंचता है और उन्हें स्पंजी बनाता है. करीब 15–20 मिनट बाद वड़ों को हल्के हाथ से दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल दें. अब वे दही के साथ परोसने के लिए तैयार हैं.

परफेक्ट सर्विंग का तरीका
भीगे वड़ों को ठंडी फेंटी दही में डालें. ऊपर से इमली की मीठी-खट्टी चटनी, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा काला नमक छिड़कें. चाहें तो हरी चटनी भी डाल सकते हैं. इस तरह बने दही वड़े नरम, हल्के और स्वाद से भरपूर लगेंगे-बिल्कुल त्योहार जैसे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP